Spread the love

गढ़ा पुलिस की दर्ज की एफआईआर, मामलें की जांच शुरु
जबलपुर। गढ़ा थाने में एक पूर्व मंडल अध्यक्ष अपनी होटल में कथित देह व्यापार करने के आरोप में जेल गए वहीं दूसरे मंडल अध्यक्ष पर एक टिम्बर व्यवसायी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है| इस मामलें में गढ़ा पुलिस ने गिरिराज किशोर कपूर मंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है| वहीं दूसरी ओर मंडल अध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए जमीन संबंधी विवाद पर अपने दस्तावेज भी प्रस्तुत किए है| इस मामलें में पीड़ित साहिल नागदेव ने आरोप लगाया है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए टिंबर व्यवसाय से जुड़ी जमीन पर जबरन फेंसिंग की और आपत्ति जताने पर उनके साथ मारपीट की गई।
मदनमहल में साहिल नागदेव अपने पिता के साथ टिंबर व्यवसाय करते हैं, उन्होंने कहा कि विवादित जमीन पहले उनके नाना की थी, जिसे रिश्तेदार रमेश कुमार तुलसानी को दिया गया था। बाद में जमीन को लेकर विवाद हुआ और साहिल के अनुसार, उन्होंने पैसे देकर वह जमीन दोबारा वापस ले ली थी। बावजूद इसके, तुलसानी ने वही जमीन बीजेपी नेता प्रशांत दुबे को बेच दी।
श्री नागदेव का कहना है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कोर्ट का स्टे ऑर्डर भी उसके पास है| इसके बावजूद दो दिन पहले मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और जबरन जमीन पर फेंसिंग करने लगे। विरोध करने पर साहिल के साथ मारपीट की गई। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी मां पूजा नागदेव और मौसेरे भाई प्रथम आहूजा को भी पीटा गया। झगड़े में साहिल का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
मामले की शिकायत मंगलवार रात गढ़ा थाने में दर्ज की गई। पुलिस ने प्रशांत दुबे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी संपत उपाध्याय ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोबारा विवाद की स्थिति बनने पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने 1895 स्क्वायर फीट जमीन रमेश कुमार तुलसानी से मार्च महीने में 37 लाख में खरीदी है और उनके पास रजिस्ट्री समेत सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। दुबे का दावा है कि घटना स्थल पर कोई मारपीट नहीं हुई। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के दस्तावेज और बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *