सोनम ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकारी – मेघालय पुलिस

इंदौर। इंदौर के कारोबारी के बेटे राजा की हत्या करने की सोनम की साजिस तीन बार फेल हो गई। चौथी में उसने हत्या करवा दी। मेघालय पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में सोनम सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया कि राजा को ठिकाने लगाने की कोशिश पहले भी तीन बार हुई, लेकिन हर बार साजिश नाकाम रही। राज के दोस्त आकाश राजपूत, विशाल चौहान और आनंद कुर्मी गुवाहाटी में पहली कोशिश में असफल रहे। इसके बाद शॉन्ग और मावलाखियात गांव के पास दो और कोशिशें नाकाम रहीं। आखिरकार, 23 मई को वेई सॉडॉन्ग झरने के पास दोपहर 2 से 2.18 बजे के बीच इस हत्या को अंजाम दे दिया।
पूर्वी खासी हिल्स के एसपी विवेक सियेम ने बताया कि सभी आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात कबूल की है। सोनम और राज एक-दूसरे पर इल्जाम मढ़ रहे हैं, लेकिन सबूत उनके खिलाफ हैं। हत्या के बाद आकाश ने खून से सनी शर्ट फेंक दी और सोनम का रेनकोट पहन लिया। डीआईजी डेविस मारक ने कहा, सोनम ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकारी है। राजा के शव को सोनम ने भी खाई में फेंकने में मदद की थी। 11 मई को 28 साल के राजा और 24 साल की सोनम की शादी हुई। दोनों हनीमून के लिए गुवाहाटी और फिर मेघालय रवाना हुए। लेकिन सोनम का दिल तो कहीं और धड़क रहा था। पुलिस के मुताबिक, राज कुशवाहा ही इस खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड निकला। कॉल रिकॉर्ड्स बताते हैं कि शादी के चार दिन बाद से ही सोनम और राज के बीच लगातार बातचीत शुरू हो गई थी।
