Spread the love

नई दिल्ली। विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ किया ही था कि थोड़ी दूरी पर जाकर आबादी वाले इलाके में जा गिरा। इस घटना में सभी 265 लोगों के मारे जाने की खबर है। यह घटना भारत के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा विमान हादसा है। इससे पहले 1996 में यानी आज से 29 साल पहले हरियाणा के चरखी दादरी में बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें 349 लोग मारे गए थे। तब सऊदी अरब एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर 763 की हवा में ही कजाखिस्तान एय़रलाइंस की फ्लाइट नंबर 1907 से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में दोनों ही विमान तबाह हो गए थे। दोनों विमानों में कोई भी जिंदा नहीं बचा था और उनमें सवार सभी 349 लोगों की मौत हो गई थी। यह प्लेन क्रैश की भारत की सबसे बड़ी दुर्घटना थी। वहीं दुनिया की सबसे बड़ी विमान दुर्घटना स्पेन के टेनेराइफ एयरपोर्ट पर हुई थी, जिसमें 583 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में दो विमानों की रनवे पर ही टक्कर हो गई थी, जिनमें से एक प्लेन में 248 पैसेंजर सवार थे और सभी मारे गए। वहीं एक अन्य प्लेन में सवार 380 लोगों में से 326 की मौत हो गई थी। उस विमान हादसे की वजह यह थी कि रनवे पर विजिबिलिटी की कमी थी।
भारत के कुछ बड़े प्लेन हादसे
1976
बॉम्बे में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट 171 क्रैश हुई थी, जिसमें सभी 95 लोग मारे गए थे। यह हादसा विमान का इंजन फेल होने के कारण हुआ था।
1978
मुंबई के बांद्रा में एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें सभी 213 लोग मारे गए थे, जो विमान में सवार थे।
1988
अहमदाबाद में ही एक बड़ा विमान हादसा 37 साल पहले हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार 135 लोगों में से 133 की मौत हो गई थी। खराब विजिबिलिटी के कारण विमान की सुरक्षित लैंडिंग नहीं हो पाई थी और यह धान के खेत में जा गिरा खा। विमान की लैंडिंग अहमदाबाद एय़रपोर्ट पर होनी थी, लेकिन उससे पहले ही क्रैश हो गया।
2000
एक बड़ा विमान हादसा पटना में हुआ था, जिसमें अलायंस एयर फ्लाइट 7412 क्रैश हो गई थी और एक रिहायशी इलाके में जाकर विमान गिरा था। पायलट का नियंत्रण खो जाने से यह हादसा हुआ था। प्लेन में सवार सभी 55 लोग मारे गए थे। इसके अलावा यह विमान जहां गिरा था, वहां भी 5 लोगों की मौत हो गई थी।
2010
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर 812 रनवे पर क्रैश हो गई थी। इस हादसे में 158 लोग मारे गए थे। यह घटना मंगलोर एयरपोर्ट पर हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *