Spread the love

-कहा- इस बार कोई समझौता नहीं करेंगे, बरेली प्रशासन अलर्ट
बरेली। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बरेली में मौलाना तौकीर ने एक बयान जारी कर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने ऐलान किया कि रविवार को वह गिरफ्तारी देंगे और इस बार कोई समझौता नहीं करेंगे।
मुस्लिम समुदाय पर हो रहे अत्याचार को लेकर मौलाना तौकीर रजा ने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इंसाफ पाने के लिए बात किससे करें? जो हमारा, हमारे बच्चों के जानी दुश्मन हैं। हमारी मस्जिदों के दुश्मन हैं। मौलाना तौकीर ने कहा कि सीएम योगी कैसी-कैसी गुस्ताखियां करते हैं। हम सिर्फ खामोश इसलिए हैं क्योंकि हम अपने देश में अमन चाहते है। बड़े आंदोलन की चेतावनी देते हुए तौकीर रजा ने कहा कि हमारे नौजवान गिरफ्तारी देने के लिए निकलेंगे और अगर दंगा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी यूपी पुलिस और बरेली पुलिस की होगी।
उन्होंने कहा कि या तो मेरी बात सुनो या फिर मुझे जेल में डाल दो। पहले भी हम लोगो ने कर्फ्यू तोड़कर संगीनों के साए में नमाजें अदा की थीं और एक बार फिर से तारीख दोहराने का समय आ गया है। हालिया दिनों में हैदरी दल पर बरेली पुलिस ने कार्रवाई की, तो इस पर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई। मौलाना तौकीर ने हैदरी दल पर कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन और सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बरेली में जो लड़कियां बहक गई थी, उनको मुस्लिम युवाओं ने कहा कि नकाब का मजाक मत उड़ाओ और ऐसे लड़कों पर पुलिस ने कार्रवाई की। ऐसा करके उन्होंने मुसलमानों को भड़काने का काम किया।
मौलाना ने कहा अब खामोश बैठने का वक्त नहीं है। ऐसी आजादी किसी काम की नहीं है। लंबे समय से भंग चल रही इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल संगठन को फिर से बहाल कर दिया गया है। गुरुवार को नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें शमशाद बाबू को बरेली का जिलाध्यक्ष और पार्षद अनीस सकलेनी को बरेली महानगर का अध्यक्ष बनाया गया है। सिटी स्टेशन के सामने स्थित मदरसा परिसर में जिले के सीनियर कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान मौलाना तौकीर रजा ने मौजूदा हालात पर चिंता जाहिर की।
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि जो लोग आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के तलवे चाट रहे थे, उस समय सच्चे देशभक्त मुसलमानों पर अंग्रेज लाठियां बरसा रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि सच्चे हिंदुस्तानी मुसलमान देश के लिए अपनी जान तक दे सकते हैं, उन्हीं पर पुलिस लाठियां चला रही है, जो गद्दार देश को लूट रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती और न कोई कर सकता है। उन्होंने मुसलमानों से अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अन्याय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, जब तक बेईमानी हो रही है, हमारे बच्चों की लिंचिंग हो रही है। बहन-बेटियों को बेइज्जत किया जा रहा है, जब तक यह तरीका बंद नहीं किया जाता तब तक हमें आज़ाद रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने मुसलमानों को कब्र की गर्मी की परवाह करने की सलाह दी और हिम्मत होते हुए भी कुछ न करने पर जवाबदेही का सवाल उठाया।
मौलाना तौकीर रजा खान ने आखिर में एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि रविवार को वह अपनी गिरफ्तारी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का अभियान बाद में पूरे यूपी में चलाया जाएगा। रजा के इस ऐलान के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *