रेलवे स्टेशन पर उसकी पत्नी के पूर्व परिचित दो युवक आए , पीटने के बाद बंधक बनाए रखा

प्रयागराज। दस दिन पहले पत्नी को लेकर गोवा जाते वक्त युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। इधर, पत्नी ने मायके पहुंचकर थाने में गुमशुदगी की शिकायत की। दस दिन बात जब युवक घर लौटा, तो सच्चाई उजागर हुई। गनीमत रही कि पति जिंदा वापस आ गया। वरना इंदौर के राजा-सोनम जैसा एक और मामला हो जाता।
दरअसरल, प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन में बैठने से पहले ही वह लापता हो गया। उसके लापता होने पर परिजनों ने सरायममरेज थाने में शिकायत की। लगभग दस दिन बाद जब वह घर लौटा तो सच्चाई सामने आई। उसने बताया कि रेलवे स्टेशन पर उसकी पत्नी के पूर्व परिचित दो युवक आए। उन्होंने पत्नी के सामने ही उसे पीटने के बाद कोलकाता जाने वाली ट्रेन में अपने साथ बैठा लिया, जबकि उसकी पत्नी को छोड़ दिया। कोलकाता में दोनों युवकों ने उसे बंधक बनाए रखा और बराबर जान से मारने की धमकी देते रहे। किसी तरह उनके चंगुल से भागकर वह 13 जून को अपने घर पहुंचा। परिजनों का कहना है कि पुलिस से शिकायत की गई है। इस संबंध में सरायममरेज थाने की पुलिस का कहना है कि युवक के परिजनों को सुरियावां में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। प्रयागराज के सरायममरेज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक परिवार के इकलौते बेटे की तीन साल पहले भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से शादी हुई थी। युवक गोवा में अपने पिता के साथ एक कंपनी में काम करता है। छह महीने पहले उसकी पत्नी भी गोवा साथ रहने गई थी। तीन जून को युवक पत्नी को लेकर उसके मायके सुरियावां गया और चार जून को गोवा जाने के लिए प्रयागराज पहुंचा। उसकी पत्नी भी उसके साथ थी।
