साधारण सा झगड़ा-पुलिस की नाकामी से बड़े विवाद में बदला

भोपाल। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि शाजापुर जिले के मक्सी में बीजेपी सदस्यता अभियान के दौरान हुआ विवाद बड़ी साम्प्रदायिक घटना बन गई इससे पूरे क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल निर्मित हो गया है। बुधवार रात दो पक्षों के विवाद के बाद से बनी तनावपूर्ण स्थिति के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
श्री नायक ने कहा कि उक्त मामले को लेकर दो दिन पहले से ही पुलिस से शिकायत की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने मामले पर गंभीरता न दिखाते हुये लापरवाही बरती, जिससे यह नौबत बनी। यदि पुलिस मामले पर सक्रियता से कदम उठाते तो इतना बड़ा विवाद नहीं होता। भाजपा और प्रदेश सरकार के मुखिया जो गृह विभाग भी लेकर बैठे हैं वे गृह मंत्रालय पूरी संभालने में पूरी तरह से अक्षम साबित हो रहे हैं। लोगों का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ गया है। प्रदेश में जंगलराज की स्थिति बनती जा रही है और पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है।
श्री नायक ने कहा कि शाजापुर के मक्सी में बीते बुधवार दो मुस्लिम परिवारों में हुआ साधारण सा विवाद बड़ा हादसा बन गया। दो दिन पहले हुये मुस्लिम परिवारों के बच्चों में आपसी लड़ाई हुई जिसमें भाजपा नेताओं के इस आपसी लड़ाई में शामिल होने के कारण घटना ने बड़े बबाल का रूप ले लिया। विवाद इतना बड़ा कि अचानक से 100-200 लोग एकत्र हो गये पथराव करने लगे। एक परिवार द्वारा शाजापुर के नगर परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह कालू पटेल का विवाद मुस्लिम परिवार से हुआ, विवाद के दौरान कालू पटेल को पत्थर लग गया, इससे आहत होकर कालू पटेल ने फायर कर दिया, जिससे एक लड़के की मौत हो गई।
श्री नायक ने कहा कि विवाद में हुये पथराव में मुस्लिम परिवार के अन्य आठ लड़के घायल हो गये जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घायलों में जुनैद खां (45) पिता साबीर खां, इकबाल खां (48) पिता मुनव्वर खां, अल्ताफ (26) पिता साजिद और अबु अजहर (24) पिता साबिर को इंदौर रेफर किया गया। वहीं आधा दर्जन घायलों का जिला अस्पताल शाजापुर में उपचार चल रहा है।
श्री नायक ने कहा कि विवाद से पूरे क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और जमकर नाराजगी है। विवाद पुराने मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के दिन सोमवार देर रात बल्डी मोहल्ले में बीजेपी के सदस्यता अभियान में शामिल होकर लौट रहे युवक समीर मेव के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी थी। इसकी सूचना पर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में वहां तनाव का माहौल बन गया था, दोनों पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पर इकट्ठा हो गए थे। विवाद को देखते हुये शाजापुर जिला मुख्यालय से बड़ी संख्या में चार थानों का पुलिस फोर्स मक्सी बुलाया गया था। विवाद कैसे शुरू हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
श्री नायक ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी करें। प्रदेश के मुखिया से हमारी मांग है कि वे गृह विभाग से अपना मोह छोड़ किसी अन्य योग्य व्यक्ति को गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपे, ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बची रहे और इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लग सके।
