
भाई को मारने निकाला चाकू खुद को लगा
जबलपुर। सिविल लाईन थाना अतंर्गत इंदिरा मार्केट के पास शराब पीने के लिए मना करने पर छोटे भाई और बड़ भाई के बीच चल रहे विवाद में छोटे भाई को चाकू लग गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई| पुलिस इस संदिग्ध मामलें की जांच कर रही है| फिलहाल घमापुर पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर अग्रिम विवेचना के लिए केस डायरी सिविल लाईन थाना में भेज दी|
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि घमापुर क्षेत्र के कुचबंधिया मोहल्ला निवासी मामू उर्फ सौरभ कुचबंधिया मंगलवार को शराब के नशे में इंदिरा मार्केट के पास चाकू लेकर घूम रहा था| इस दौरान उसका बड़ा भाई सुरजीत वहां पहुंचा और उसको दारु पीने के लिए मना करने लगा, जिस पर सौरभ उससे विवाद करने लगा| सौरभ ने चाकू निकाला और छीनाझपटी के दौरान चाकू सौरभ के पैर में लग गया| चाकू लगने के बाद घायल सौरभ को उसका भाई सुरजीत जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर सौरभ को मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। इधर सौरभ के परिजन और परिचित घायल को मेडिकल न ले जाकर अपने घर ले गए। घर में देर रात सौरभ की मौत हो गई।
सौरभ की मौत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने घमापुर पुलिस को संबंधित मामले की जानकारी दी। पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े परिजनों को पुलिस ने समझाईश दी| पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया|
बताया जाता है कि मृतक सौरभ कुचबंधिया का परिवार मूलतः पिपरिया का रहना वाला है। सौरभ सहित उसके अन्य भाई ट्रेनों में ककड़ी, चना, मूंगफली आदि बेचने का कार्य करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के नशे में भाईयों के बीच हमेशा विवाद होता रहता था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रीतेश पांडे ने बताया कि इंदिरा मार्केट के पास हुई घटना में एक युवक घायल हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन/परिचित उसे घमापुर थाना क्षेत्र स्थिति अपने घर ले गए, जहां सौरभ की मौत हो गई। सौरभ की मौत के बाद घमापुर पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। मामले की हर स्तर पर जांच-पड़ताल की जा रही है।
