
आरोपी के विरुद्ध जारी दो स्थाई वारंटों में भी पुलिस को थी उसकी लंबे समय से तलाश
गुना| पुलिस अधीक्षक गुना अंकित सोनी के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि पर सतत निगाहें रखते हुए इन गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर निरंतर कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी तारत्मय में एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में जिले के फतेहगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जयनारायण शर्मा और उनकी टीम द्वारा आज नशे के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए राजस्थान तरफ से स्मैक तस्करी करते बाईक सवार दो नशा तस्कर गिरफ्तार कर जिनसे 1.20 लाख कीमत की 12 ग्राम स्मैक जप्त की गई है । उल्लेखनीय है कि बीती शाम जिले के फतेहगढ़ थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा छबडा रोड पर ग्राम हमीरपुर नर्सरी के पास वाहन चैकिंग की जा रही थी, चैकिंग के दौरान राजस्थान के छबडा तरफ से एक बजाज पल्सर मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 38-8435 पर दो व्यक्ति आते दिखे जिन्हें चैकिंग हेतु रोकने का प्रयास करने पर उनके द्वारा मोटर साइकिल को एकदम स्पीड देकर भागने का प्रयास किया गया, जिससे उनके संदिग्ध लगने पर पुलिस द्वारा उनका पीछा व उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया । जिन्होंने पूछताछ पर अपने नाम राहुल पुत्र जगमोहन गौंड उम्र 20 साल निवासी ग्राम बेरखेड़ी थाना धरनावदा एवं भीमसेन पुत्र रमेश ओझा निवासी ग्राम मुरादपुर थाना धरनावदा जिला गुना के होना बताए और जिनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 12.01 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई । आरोपियों से बरामद स्मैक कीमती करीबन 1.20 लाख रुपये एवं तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटर साइकिल कीमती 1.50 लाख रूपये सहित कुल 2.70 लाख का मशरुका विधिवत जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जिनके विरुद्ध फतेहगढ़ थाने में अप.क्र. 164/25 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है । आरोपियों के स्मैक तस्करी के अन्य स्त्रोतों के संबंध में पुलिस द्वारा और जांच की जा रही है ।
गौरतलब है कि आरोपी भीमा उर्फ भीमसेन ओझा आपराधिक प्रवृत्ति का होकर जिसके विरुद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 229/13 धारा 395, 397 भादवि व 25/27 आर्म्स एक्ट, अप.क्र. 520/19 धारा 379 भादवि एवं अप.क्र. 521/19 धारा 379 भादवि के अपराध पंजीबद्ध होना पाए गए हैं । साथ ही आरोपी भीमसेन के विरूद्ध धरनावदा थाने के अप.क्र. 520/19 व 521/19 में उसके न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर न्यायालय से उक्त दोनों ही प्रकरणों में अलग-अलग दो स्थाई वारंट जारी हुए थे उक्त दोनों वारंटों में भी आरोपी भीमसेन की गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई है।
