
किरनापुर पुलिस ने की कार्रवाई, बिना दस्तावेज परिवहन की कर रहा था तैयारी
बालाघाट। किरनापुर थाना पुलिस ने रेत के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार 22 जून को ग्राम कोस्ते स्थित देवनदी रेत घाट पर दबिश देकर एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया, जो रेत से भरी हुई थी और अवैध परिवहन के लिए तैयार खड़ी थी। मौके से ट्रैक्टर चालक दमेंद्र पिता भोजलाल राउत (27) निवासी ग्राम हल्बीटोला को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी रेत खनन या परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम की धारा 53 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 22 जून को देवनदी के रेत घाट में रेत का अवैध खनन व परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर ट्रैक्टर चालक बगैर नंबर की ट्राली में रेत भरकर उसके परिवहन की तैयारी कर रहा था। मौके पर चालक से पूछताछ की गई। लेकिन चालक के पास रेत खनन व परिवहन से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं थे। जिसे जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। यह कार्यवाही एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देश पर एएसपी आदर्शकांत शुक्ला, एसडीओपी लांजी ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक ननामा और उनकी टीम ने की है।
