Spread the love

पारिवारिक विवाद से जुड़ा आत्महत्या का संदेह
गुना । जिला मुख्यालय से लगे सकतपुर गांव में बुधवार सुबह एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में पानी से भरे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। बीती शाम से लापता महिला के शव को उसके ही घर के पास बने एक गड्ढे में देखे जाने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय भूरिया कुशवाहा पत्नी भूरा कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक महिला सोमवार शाम करीब पौने आठ बजे घर से अचानक बाहर चली गई थी। काफी देर तक तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली, तो परिवार को चिंता सताने लगी। इसके बाद मंगलवार सुबह घर के पास बने पानी से भरे एक गड्ढे में उसका शव नजर आया।
मामले में मृतका के पति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला बीते कुछ समय से पारिवारिक विवाद से परेशान थी। विशेष रूप से उसकी जेठानी द्वारा घर में हिस्सेदारी को लेकर बार-बार झगड़ा किया जाता था। मृतका के पति का दावा है कि सोमवार शाम को भी दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद भूरिया ने आत्मघाती कदम उठाया होगा। परिजनों ने यह भी बताया कि उन्होंने पूर्व में थाने में झगड़ों को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पति का कहना है कि समय पर हस्तक्षेप होता तो शायद यह दुखद घटना टल सकती थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और महिला की मृत्यु के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *