Spread the love

पल्टी कार, शरारती तत्वों ने कार में लगा दी आग
छिंदवाड़ा। चौरई थाना अंतर्गत रमपुरी निवासी एक युवती जब अपने माता-पिता के साथ ग्राम सांख से होते हुए मंडी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जामुनटोला निवासी एक युवक ने फिल्मी स्टाईल में उनका पीछा किया, किसी तरह युवकों से बचकर माता-पिता युवती को लेकर थाना पहुंचे और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना के संबंध में चौरई पुलिस ने बताया कि जामुनटोला निवासी विनोद रघुवंशी और उक्त युवती की शादी की बात चल रही थी, लेकिन लडक़ी के माता-पिता ने इस शादी से इंकार कर दिया। इसको लेकर युवक काफी दिनों से परेशान था। रविवार को युवती के माता-पिता बाईक से सांख होते हुए मंडी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उक्त युवक कार लेकर उनकी बाईक का पीछा करने लगा। जैसे ही पिता ने देखा कि कोई उनका पीछा कर रहा है तो उन्होंने बाईक की रफ्तार बढ़ा दी और जंगल से ग्राम पहुंचते ही ग्रामीणों से मदद मांगी। ग्रामीणों को देखते हुए युवक विनोद रघुवंशी मौके से अपनी कार लेकर भागा। कुछ दूर जाकर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटते ही युवक मौके से फरार हो गए। इधर सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उक्त कार जली हुई हालत में मिली है। कार में आग कैसे लगी या किसने लगाई इस बात का पता नहीं चल सका है। टीआई गणपत सिंह उईके ने बताया कि आरोपी विनोद रघुवंशी निवासी जामुन टोला के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *