
पति के शराब की लत और चरित्र शंका से परेशान थी पत्नी
घटना के पांचवें दिन आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार
बालाघाट । हट्टा थाना पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा किया है। पत्नी ने ही त्रस्त होकर अपने पति की हत्या की थी। घटना के पांचवें दिन पुलिस ने आरोपी पत्नी रेखा पति जयशंकर दमाहे 31 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। पति के शराब की लत और चरित शंका से पत्नी काफी परेशान थी।
पुलिस ने बताया कि हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनारा में 19 जून को नंदकिशोर दमाहे ने सूचना दी थी कि उसका भाई जयकिशोर दमाहे 18 जून की रात्रि करीब 11.30 बजे से अपने कमरे में बंद है। इसके पूर्व उसने शराब के नशे में पत्नी और बच्चों से मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां जयकिशोर दमाहे जमीन पर बिस्तर बिछाकर कंबल ओढ़े पड़ा था। कंबल हटाने पर उसके गर्दन में धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए। बिस्तर पर खून फैला हुआ पाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कर मामले को विवेचना में लिया।
विवेचना के दौरान परिजनों ने मृतक की पत्नी रेखा दमाहे पर संदेह जताया। रेखा से पूछताछ पर उसने अपने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि पति के शारीरिक व मानसिक प्रताडऩा से काफी त्रस्त हो चुकी थी। उसका पति रोजाना शराब के नशे में मारपीट करता था। जिसके चलते उसने उसकी हत्या करने का निर्णय लिया था। 18 जून की रात्रि जब पति ने उसे बाहर निकाल दिया था तो वह अपने बच्चों के साथ जेठ के घर चली गई थी। इसी रात्रि देर रात्रि वह अपने जेठ के घर से चुपचाप लौटी, फावड़ा मारकर अपने पति की हत्या कर दी। घटना के बाद फावड़ा को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में रेखा दमाहे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रेखा की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से फावड़ा भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने धारा 103(1), 332(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
