Spread the love

हाथ की नस काटने की धमकी देकर बुलाया फिर छुरी, डंडो से किया हमला
भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में स्थित बिजली कॉलोनी ग्राउंड पर रात के समय एक युवती ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर कथित प्रेमी और उसके दोस्त पर छुरी-डंडे से घातक हमला कर दिया। युवती ने अपनी हाथ की नस काटने की धमकी देकर प्रेमी और उसके दोस्त को बिजली कॉलोनी ग्राउंड पर बुलाया और फिर जमकर मारपीट कर दी। पुलिस ने युवती और उसके चारों साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। थाना पुलिस के अुनसार फरियादी सुरेन्द्र यादव (21) सोमवार रात करीब 11 बजे अपने दोस्त भूरा वाल्मीकि और शुभम पंजाबी के साथ छावनी पठार बिलखिरिया इलाके में बैठा था। उसी दौरान सुरेन्द्र की गर्लफ्रेंड पूनम की दोस्त अंजली ठाकुर का उसके पास फोन आया। उसने भूरा से कहा कि पूनम हाथ काट रही है, तुम फौरन ही उससे मिलने बिजली कॉलोनी अशोका गार्डन आ जाओ। इस पर भूरा ने कहा कि उसकी पूनम से कोई बात नहीं हुई है। तब पूनम ने भूरा से फोन पर बात करते हुए बिजली कॉलोनी आने के लिए कहा। उसने कहा कि यहां आ जाओ, मैं फोन पर बात नहीं कर पाऊंगी। इसके बाद भूरा वाल्मीकि और सुरेन्द्र यादव अपने दोस्त शुभम पंजाबी की बाइक लेकर रात करीब साढ़े 11 बजे बिजली कॉलोनी पहुंचे। शुभम सड़क किनारे अपनी गाड़ी के साथ खड़ा रहा जबकि सुरेन्द्र और भूरा ग्राउंड पर चले गए। वहां उन्हें पूनम और अंजली मिलीं, पूनम से बात करते समय दो लडक़े भी वहॉ आ गए। पूनम ने उन्हें नाम लेकर आवाज दी। इस पर युवको में से अरमान ने छुरी और अरबाज ने डंडे से सुरेन्द्र व भूरा पर हमला कर दिया। मारपीट में हाथ, पसली और पैर के पास छुरी लगने से सुरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं भूरा के हाथ-पैर व सिर में भी गंभीर चोट आई है। इसी बीच निखिल और सिकंदर नाम के दो लड़के और आ गए और उन लोगों ने भी सुरेन्द्र व भूरा के साथ मारपीट करनी शुरु कद दी। पूनम उन दोनों लडक़ों को भी उनके नाम से पुकार कर कह रही थी, कि सिकंदर और निखिल इन दोनों को जान से मार दो। पुलिस ने बताया कि बाद में बाइक लेकर दूर खड़े शुभम पंजाबी ने वहॉ आकर बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी अरमान, अरबाज, सिकंदर, निखिल और पूनम वहां से फरार हो गए। शुभम पंजाबी दोनों घायल दोस्तों को इलाज के लिये अस्पताल लेकर पहुंचा जहॉ उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मामला कायम कर पुलिस आरोपियो की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *