Spread the love

गुना। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धरनावदा थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात धरनावदा पुलिस ने गोरा गांव की पुलिया के पास एक युवक को 23.42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ पकड़ा, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2.30 लाख आँकी गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गत रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल पर स्मैक लेकर गोरा गांव की पुलिया और रेलवे ट्रैक के बीच खड़ा है और बिक्री की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवेंद्र पुत्र रामदयाल मीना (35) निवासी ग्राम पौरूखेड़ी, थाना धरनावदा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 23.42 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी देवेंद्र मीना का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में जुआ और आबकारी अधिनियम सहित तीन प्रकरण धरनावदा थाने में दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से बरामद स्मैक के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभात कटारे के साथ सउनि सैय्यद साजिद हुसैन, शिवनंदन भदौरिया, प्र.आर. देवेंद्रपाल सिंह सिकरवार, आरक्षक सत्येंद्र गुर्जर, ऋषिकेश शर्मा, नीरज शर्मा, सचिन तोमर और अनुज गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *