Spread the love

आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल
लुधियाना। लुधियाना के शेरपुर इलाके में नीले ड्रम में बंद लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में दो नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। पुलिस ने इन पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी अनुसार, नीले ड्रम से कल जो लाश मिली थी उसकी पहचान लुधियाना के भारती कॉलोनी, गली नंबर 5 में निवास करने वाले मनोज उर्फ राजू के तौर पर हुई है। पुलिस ने लाश को जब नीले रंग के ड्रम से बरामद किया था तब ही इस बात का ऐहसास हो गया था कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। दरअसल ड्रम में लाश को रख कर उसे एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया था। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में कामयाब रही पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि वारदात वाली रात को सभी आरोपी शराब के नशे में चूर थे। नशे की हालत में आरोपियों ने मनोज के साथ मारपीट की और उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। जब वह बेसुध हो जमीन पर गिर गया तब कुछ देर बाद ही उसकी घटनास्थल पर ही मौत भी हो गई। उसकी मौत से आरोपी बुरी तरह घबरा गए और रातभर लाश को उसके अपने कमरे में रहने ही रहने दिया। इसके बाद अगले दिन सुबह मौका देख आरोपियों ने लाश को रस्सी से बांध एक नीले रंग के ड्रम में पैक किया। इसके बाद एक ई-रिक्शा की मदद से लाश वाले ड्रम को शेरपुर के एक सुनसान खाली प्लॉट में फेंक कर चले गए। जब लोगों ने खाली प्लाट में नीले ड्रम को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब ड्रम खोल कर देखा गया तो उसमें लाश नजर आई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने पुलिस अधिकारी करनवीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सबसे पहले सेफ सिटी प्रोजेक्ट के कैमरों के फुटेज खंगाले और तभी पुलिस की नजर ई-रिक्शे पर गई, जिसमें नीला ड्रम ले जाते कुछ लोग नजर आए। इसके बाद पुलिस ने ई-रिक्शा चालक रोहित को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। उसके द्वारा प्राप्त जानकारी को आधार बना पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और इसी के साथ गिरफ्तारियां की गईं। आरोपियों में महिला ऊषा देवी के साथ ही फागू प्रसाद, नीरज कुमार और सीटू कुमार शामिल बताए गए हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके अलावा दो अन्य आरोपी जयवीर और विशाल नाबालिग बताए गए हैं, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कोर्ट में पेश कर आरोपियों को लिया रिमांड पर
पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करते हुए रिमांड पर ले लिया है। अब पुलिस यह मालूम करने में जुटी है कि इस निर्मम हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी। फिलाहाल आपस में झगड़े की बात सामने निकल कर आई है, लेकिन पुलिस की टीम हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *