Spread the love

जमीन विवाद में फरसे और लुहांगी से हमला, बेटा और कर्मचारी गंभीर घायल
गुना। जिले के आरोन थाना क्षेत्र के गेहूखेड़ा गांव में शनिवार को भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के हाईस्कूल शिक्षक ब्रह्मदास अहिरवार (50) की गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी, फरसे और लुहांगी जैसे धारदार हथियारों से निर्मम पिटाई कर हत्या कर दी। हमले में उनका बेटा सत्या अहिरवार और वेयरहाउस का कर्मचारी निक्की जाटव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक ब्रह्मदास अहिरवार माता मूडरा हाईस्कूल में कक्षा दो के कला विषय शिक्षक थे। वे शनिवार दोपहर 3 बजे के करीब स्कूल से लौट रहे थे और गांव के बाहर स्थित अपने वेयरहाउस पर कुछ देर रुके थे। तभी गांव के पूर्व सरपंच रघुवीर कोरी व उनके साथियों वीर सिंह, भद्दू, अमरसिंह, दिमान सिंह, लखन, संतोष, कमल सिंह, सोनू व रवि सहित कई अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया।
परिजन और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही ब्रह्मदास अहिरवार ने दम तोड़ दिया। उनके शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है। बताया गया है कि मृतक ब्रह्मदास का गांव के कुछ लोगों से एक बीघा जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। उन्होंने सीमांकन के लिए आवेदन किया था और नपती के बाद वह जमीन उनके नाम पर प्रमाणित हुई थी। बावजूद इसके दूसरे पक्ष ने कब्जे का प्रयास किया। इसी रंजिश में यह हमला होना बताया गया है। सूचना मिलते ही आरोन पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची। जिला अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में शव का पीएम कराया गया है। वहीं घटना में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *