Spread the love

खरगोन । कार में शराब के किए जा रहे अवैध परिवहन का पुलिस ने खुलासा किया है। बिस्टान थाना पुलिस ने कार से 11 पेटी अवैध देशी शराब जब्त कर तस्करी कर रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 29 जून को मुखबिर से मिली सूचना पर बायपास रोड पर नाकाबंदी की गई। यहां कुछ देर निगरानी रखने के बाद इंडिका कार आते नजर आई, जिसे घेराबंदी कर रोका गया। कार में 02 व्यक्ति बैठे थे, उन्होंने अपना नाम क्रमश: कैलाश पिता अमरसिंह डुडवे और सुनील पिता बदु दोनों निवासी ग्राम झेंडिया थाना चैनपुर का होना बताया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में देशी शराब की पेटियां रखी मिली। दोनों के पास शराब परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज व लाइसेंस नहीं मिला। कार से 11 पेटी में 97.2 लीटर करीब 1 लाख 40 हजार 500 रुपए मूल्य की शराब जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। परिवहन में लिप्त कार को भी जब्त किया गया है।
गोगावां पुलिस ने भी थानाक्षेत्र में नदी किनारे धधक रही शराब भट्टियों पर दबिश दी है। कार्रवाई में 50 लीटर शराब के साथ 500 लीटर महुआ लहान जब्त कर तीन प्रकरण बनाए गए है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ग्राम बोरगांव, भुलगांव कुदां नदी के किनारे अवैध शराब की भट्टी संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम गठित कर दबिश दी गई। यहां पुलिस टीम ने 500 लीटर महुआ लहान को नष्ट कर आरोपी के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। इसके अलआवा सिगांजी मंदिर के पास से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है। इस मामले में तीन अलग- अलग प्रकरण दर्ज किए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *