गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूनें

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा दमोह शहर स्थित थोक एवं फुटकर किराना दुकानों में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए किराना दुकानों में विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की गई। कार्यवाही में धगट चौराहा स्थित प्रवीण ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित ऐश ब्रांड कुकिंग मीडियम एवं डबल हिरन ब्रांड कच्ची घानी सरसों तेल के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इसी तरह तीन गुल्ली चौराहा स्थित सतगुरु जनरल स्टोर का निरीक्षण किया गया। मौके पर परिसर में संग्रहित गोल्ड लाइन ब्रांड आयोडीन नमक का नमूना जांच हेतु लिया गया। मौके पर परिसर में एक्सपायरी डेट की 16.5 किलो किराना खाद्य सामग्री मात्रा बाजार मूल्य 3089 रुपए संग्रहित पाए जाने पर विनष्टीकरण किया गया। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
