
जल गंगा संवर्धन अभियान में बालाघाट जिले को मिले 3 पुरस्कार
बालाघाट। राज्य रोजगार गारंटी परिषद भोपाल द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बालाघाट जिले को प्रदेश स्तर पर 3 पुरस्कारों में चयनित किया गया है। खेत-तालाब निर्माण में जनपद पंचायत बिरसा ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जल गंगा संवर्धन अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने के मामले में बालाघाट जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। वहीं खेत तालाब निर्माण के लिए बी श्रेणी में बालाघाट जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है। इस अभियान में खेत तालाब में 125 प्रतिशत, कूप रिचार्ज में 118 प्रतिशत, अमृत सरोवर में 144 प्रतिशत तथा जलदूत में 295 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर बालाघाट जिले को प्रदेश में 3 पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
जानकारी के अनुसार जल गंगा संवर्धन अभियान प्रदेश में 30 मार्च से प्रारंभ किया गया था, जिसका समापन 30 जून को किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के लिए नवीन तालाबों का निर्माण, पुरानी बावडिय़ों एवं जल स्रोतोंं का जीर्णोद्धार एवं साफ सफाई का कार्य किया गया है। बालाघाट जिले में यह कार्य कलेक्टर मृणाल मीणा के नेतृत्व व मार्गदर्शन में किया गया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान के क्रियान्वयन की सतत निगरानी की। जिसके फलस्वरूप बालाघाट जिले के इस अभियान में 3 पुरस्कार प्राप्त हुए है।
इस अभियान में प्रदेश के सभी 55 जिलों में समग्र रूप से श्रेष्ठ कार्य करने में बालाघाट जिले ने 87.56 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया है। जबकि खंडवा ने प्रथम एवं रायसेन ने द्वितीय स्थान हासिल किया है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत खेत तालाब निर्माण में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए बी श्रेणी में बालाघाट जिले को प्रथम स्थान मिला है। बी श्रेणी में उन जिलों को शामिल किया गया है जिनमें 5 या उससे अधिक जनपद पंचायत है। 5 से कम जनपद पंचायत वाले ए श्रेणी के जिलों में अनूपपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
विकासखंड स्तरीय पुरस्कार के अंतर्गत ए श्रेणी की जनपद पंचायतों में बालाघाट जिले की बिरसा जनपद पंचायत में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। ए श्रेणी में उन जनपद पंचायतों को शामिल किया गया है जिनमें ग्राम पंचायतों की संख्या 70 या उससे कम है। 71 या उससे अधिक ग्राम पंचायतों वाली जनपद पंचायतों को बी श्रेणी में रखा गया था और इसमें अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
4875 खेत-तालाब के करवाए गए हैं कार्य
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बालाघाट जिले को मनरेगा में 3900 खेत-तालाब निर्माण का लक्ष्य दिया गया था। इस लक्ष्य के विरूद्ध जिले में 4875 खेत-तालाब के कार्य शुरू करवाए गए है जो निर्धारित लक्ष्य का 125 प्रतिशत है। खेत तालाब निर्माण में 110 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। इसी प्रकार कूप रिचॉर्ज में 1200 का लक्ष्य दिया गया था, इस लक्ष्य के विरूद्ध 1400 कूप रिचॉर्ज का काम किया गया है और 3 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। जिले को इस अभियान में 25 अमृत सरोवर निर्माण का लक्ष्य दिया गया था, इसके विरूद्ध 36 अमृत सरोवर के कार्य कराए गए है। इस अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 4100 जलदूत नियुक्त करने का लक्ष्य दिया गया था। इस लक्ष्य के विरूद्ध जिले में 12 हजार जलदूत नियुक्त किये गए है।
