
निगम के बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली करने के निर्देश, बकाया राशि जमा न करने वालों के नाम करें सार्वजनिक -निगमायुक्त श्री दुबे
कटनी । नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे नें मंगलवार को नगर निगम के राजस्व विभाग द्वारा किये जा रहे वसूली कार्य की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली कराएं जानें तथा कर संग्रहण के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते जाने की हिदायत दी। निगमायुक्त नें कहा कि बकाया करों की राशि जमा न करने वालों की सूची तैयार करें ताकि उनके नाम समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं स्मार्ट सिटी के डिस्प्ले बोर्ड पर सार्वजनिक करने की कार्रवाई की जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक, वार्ड वसूली कर्ता कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
निगमायुक्त दुबे द्वारा वार्डवार वसूली कार्य की समीक्षा की जाकर निम्न वसूली वाले कर्मचारियों वसूली हेतु प्लानिंग तैयार कर रोजाना वार्ड में भ्रमण करते हुए नागरिकों से संपर्क कर वसूली कार्य में गति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री दुबे नें बकाया जलकर एवं संपत्ति कर की वसूली हेतु भविष्य मंे की जाने वाली प्लानिंग की जानकारी भी प्रदान की गई।
नवीन निर्माण पर करें करारोपण की कार्यवाही
निगमायुक्त श्री दुबे नें राजस्व अमले को भवन स्वामियों द्वारा जमा की गई स्वकर विवरणी की जांच करने के साथ ही वार्डो के ऐसे भवन जिनमें नवीन अतिरिक्त निर्माण कार्य किया जा चुका हो और उनकी जानकारी सेल्फ असिस्मेंट में नहीं दर्शाई गई हो की जांच करते हुए नवीन अतिरिक्त निर्मित क्षेत्र की डिमांड जारी करते हुए नवीन परिसर का अतिरिक्त संपत्ति कर भवन स्वामी से वसूल करने हेतु निर्देशित किया।
निगमायुक्त श्री दुबे ने राजस्व अमले को वार्ड में चल रहे नवीन निर्माण कार्य की सूचना नगर निगम के लोक निर्माण शाखा एवं भवन अनुज्ञा शाखा को देने हेतु प्रथम सूचना अधिकारी के दायित्वों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दिए गए।उन्होंने कहा कि निगम के अंतर्गत आने वाले समस्त कॉलोनियों, निजी संस्थानों, और ठेकेदारों को भी अपना बकाया टैक्स जमा करना अनिवार्य होगा। यदि बकाया कर की राशि जमा नहीं की जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वसूली में लापरवाही पर होगी कार्यवाही
निगमायुक्त श्री दुबे नें जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 12 प्रतिशत अधिक वूसली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसे प्राप्त करनें हेतु आप सभी अभी से वसूली कार्य को प्रथमिकता देते हुए कार्य प्रारंभ कर दें ताकि वर्ष समाप्ति के समय आपको वसूली कार्य में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं करने वाले अथवा वसूली कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियो पर नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी।
