Spread the love

नपा की लापरवाही से शहर में फिर बढ़ा खतरा, चिन्हांकन और नोटिसबाज तक सीमित हैं कार्रवाईयां
गुना। शहर में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर जर्जर और खतरनाक भवनों की पोल खोल दी है। सोमवार को एबी रोड के पीछे पंजाबी मोहल्ले में एक पुराने भवन का छज्जा और रेलिंग भरभराकर नीचे गिर गई। इस मार्ग पर कोचिंग संस्थानों के चलते स्कूली बच्चों और आम लोगों की आवाजाही बनी रहती है, गनीमत रही कि घटना के वक्त कोई वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय रहवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन की स्थिति पहले से ही काफी जर्जर थी। लगातार हो रही बारिश से कमजोर ढांचा और अधिक नमी के कारण अचानक गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और लोग इधर-उधर दौडऩे लगे।
यह कोई पहली घटना नहीं है। शहर में पहले भी जर्जर इमारतों के गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पूर्व लक्ष्मीगंज के सामने हनुमान चौराहे के नजदीक नगर पालिका के दो मंजिला कॉम्प्लेक्स की एक दुकान की छत अचानक गिर गई थी। उस वक्त दुकानदार और ग्राहक समेत आधा दर्जन से अधिक लोग मलबे में दब गए थे। सौभाग्यवश सभी की जान बच गई, लेकिन इस घटना ने नपा की नींद जरूर तोड़ी थी। हालांकि इसके बाद नगर पालिका द्वारा शहर की पुरानी और जर्जर इमारतों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए, लेकिन कार्यवाही यहीं तक सीमित रह गई। नपा की निष्क्रियता का एक और उदाहरण विजयवर्गीय कॉम्प्लेक्स है, जहां स्थिति अत्यंत जर्जर होने के बावजूद आज तक दुकानदारों को शिफ्ट नहीं किया जा सका है। बहरहाल लगातार बारिश के दौर को देखते हुए नगर पालिका को तत्काल संज्ञान लेकर अभियान चलाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *