Spread the love

पीडब्ल्यूडी ने किया इंजीनियर को निलंबित, दूसरे विभागों ने भी शुरू की सख्ती
भोपाल। तबादले के बाद भी नई पदस्थापना स्थल पर जॉइन न करने वाले अफसरों, कर्मचारियों पर राज्य सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने इंजीनियर रविशंकर चौकसे को तबादला आदेश के बाद नए पदस्थापना स्थल पर जॉइन न करने पर सस्पेंड कर दिया है। साथ ही सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर जल्दी ही जॉइन नहीं किया तो ऐसे कर्मचारी अधिकारी सस्पेंड किए जाएंगे।
इंजीनियर चौकसे सहायक यंत्री केवलारी जिला सिवनी से सहायक यंत्री मुख्य अभियंता कार्यालय सागर के लिए स्थानांतरित किए गए थे लेकिन अब तक उन्होंने जॉइनिंग नहीं दी, इसलिए वे सस्पेंड किए गए। चौकसे के निलंबन आदेश के साथ लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्देश जारी कर कहा गया है कि जिन उपयंत्री, सहायक यंत्री, कार्यपालन यंत्री, अधीक्षण यंत्री और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने तबादला आदेश जारी होने के बाद अब तक नई पोस्टिंग वाले स्थान पर जॉइन नहीं किया है, वे सस्पेंड किए जाएंगे। प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग से ऐसे इंजीनियरों और कर्मचारियों की सूची तलब की गई है।
ये विभाग एकतरफा कर चुके रिलीव
राजस्व विभाग ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारियों के तबादले के बाद समय पर नए पोस्टिंग स्थल पर नहीं जॉइन करने की स्थिति को देखते हुए एकतरफा रिलीव कर दिया था। इसी तरह के निर्देश पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग भी जारी कर चुका है।
भोपाल में आठ पुलिसकर्मी हो चुके सस्पेंड
इसके पहले मंगलवार को भोपाल पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आठ पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड किया जा चुका है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा को यह जानकारी मिली थी कुछ पुलिसकर्मियों ने तबादला होने के बाद भी तय समय- सीमा में नए पोस्टिंग स्थल पर ज्वॉइनिंग नहीं दी है। इस पर उन्होंने डीसीपी मुख्यालय श्रद्धा तिवारी को तबादला आदेश न मानने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। फिर डीसीपी मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक साबिर खान, एएसआई राम अवतार, प्रधान आरक्षक नरेश कुमार शर्मा, मनोहर लाल, चंद्रमौलि मिश्रा, वीरेंद्र यादव तथा आरक्षक कपिल चंद्रवंशी और प्रशांत शर्मा को निलंबित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *