Spread the love

रेलवे विभाग, नगर निगम प्रशासन एवं ट्राफिक पुलिस के अधिकारियों द्वारा चार फाटक रेलवे क्रासिंग एवं ओवर ब्रिज का किया गया सामुहिक निरीक्षण

छिन्दवाड़ा। सांसद विवेक बंटी साहू के प्रयासों से स्थानीय चारफाटक रेलवे क्रांसिंग में जल्द ही रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल एवं सायरन लगाये जायेंगे। जिसे लेकर गुरूवार को तीन प्रमुख विभागों के अधिकारियों सिग्नल लगाये जाने वाले स्थल का निरीक्षण किया है।
          मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला ने बताया कि चारफाटक रेलवे क्रांसिंग में गेट के बार-बार बंद होने पर छिन्दवाड़ा के निवासियों को वहां से आवागमन में हो रही समस्या एवं रोजाना लगने वाले भारी ट्राफिक जाम को कम करने हेतु सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा विगत दिनों नागपुर में आयोजित रेल सलाहकार समिति की बैठक में नागपुर मंडल डीआरएम एवं रेल प्रशासन को चारफाटक ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल लगाने हेतु निर्देश दिया गया था। जिससे रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में वहां से जाने वाले वाहन रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर से निकल जाये एवं चारफाटक रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर लगने वाले भारी ट्राफिक जाम एवं वाहन की कतारों से होने वाली समस्या से स्थानीय क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
        भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, रेलवे में सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर एवं स्थानीय निवासियों द्वारा चारफाटक रेलवे क्रासिंग पर भारी ट्राफिक जाम से छुटकारा पाने हेतु लंबे समय से चार फाटक रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल एवं सायरन लगाने के लिए रेलवे विभाग एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की गई थी एवं सांसद बंटी विवेक साहू को इस समस्या से अवगत कराया गया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा रेलवे प्रशासन के साथ ही नगर निगम प्रशासन एवं छिन्दवाड़ा ट्राफिक पुलिस को रेलवे ब्रिज के दोनों ओर सिग्नल लगाने में आ रही तकनीकी समस्याओं को समन्वय बनाकर शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए गए थे।
        सांसद बंटी विवेक साहू के निर्देश पर कुछ दिन पूर्व डीआरएम नागपुर रेल मंडल के छिंदवाड़ा आगमन पर रेलवे इंजीनियरों के साथ चारफाटक रेलवे क्रासिंग का निरीक्षण भी किया गया था एवं रेलवे ओवर ब्रिज के दोनों और सिग्नल लगाने में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु रेल अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। गुरूवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला द्वारा सांसद बंटी विवेक साहू के निर्देश पर छिन्दवाड़ा रेलवे प्रशासन से आईओडब्ल्यू वसंत फरकारे, स्टेशन मास्टर मीणा, ट्राफिक पुलिस डीएसपी रामेश्वर चौबे, टीआई श्री तिवारी एवं नगर निगम प्रशासन से कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर, इंजीनियर आनन्द अग्रवाल के साथ सामुहिक निरीक्षण कर चारफाटक रेलवे ओवर ब्रिज के दोनों ओर सिग्नल लगाने में आ रही तकनीकी समस्याओं का समन्वय बनाकर समाधान किया गया एवं तीनों शासकीय विभागों द्वारा एक सप्ताह के अंदर सिग्नल लगाने के कार्य प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।
          सिग्नल लगाने हेतु विभिन्न सामग्री रेलवे प्रशासन द्वारा नागपुर मंडल रेल मुख्यालय से बुलवा ली गई है एवं उसे लगाने में नगर निगम प्रशासन द्वारा भी पूरा तकनीकी सहयोग रेल प्रशासन को प्रदान करने हेतु सहमति दी गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला ने बताया कि चारफाटक रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल लगाने के कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों द्वारा सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया गया है एवं सिग्नल लगने के पश्चात क्षेत्रवासियों द्वारा सांसद बंटी विवेक साहू का सम्मान करने का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *