
बीच सड़क में मारपीट से मचा हंगामा, पुलिस पहुंची
जबलपुर। ओमती थाने के समीप मंगलवार उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब यहां कोर्ट मैरिज कराने पहुंचे एक प्रेमी युगल परिजनों के हाथ लग गए| दरअसल लड़की के परिजन जबलपुर पहुंचे और लड़की के परिजनों ने लड़के साथ मारपीट कर दी| बताया जाता है कि रीवा निवासी यह युगल भागकर जबलपुर कोर्ट मैरिज के लिए आया था| युवती 15 दिनों से अपने घर से लापता थी और उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रखी थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी| परिजनों को खबर मिली कि लड़की जबलपुर में है और अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज करने वाली है। इस सूचना के बाद लड़की के परिजन अचानक जबलपुर पहुंचे और कलेक्ट्रेट स्थित मैरिज कोर्ट के पास दोनों को पकड़कर सड़क पर ही मारपीट शुरू कर दी।
थाना के समीप हो रहे हंगामे की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा और किसी तरह युवती और युवक को भीड़ से बचाकर थाना पहुंचाया। ओमती थाना प्रभारी राजपाल बघेल के मुताबिक, दोनों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाने लाया गया है। युवती को कुछ चोटें भी आई हैं, और थाने में एक आवेदन भी दिया गया है।
थाने में युवती ने अपने परिजनों पर जबरन शादी करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक से शादी करना चाहती है। यह मामला रीवा जिले से जुड़ा होने के कारण ओमती थाना पुलिस ने वहां के संबंधित थाने को सूचना भेज दी है, और अब आगे की कार्रवाई रीवा पुलिस की मौजूदगी में की जाएगी।
