
फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को भेजे मैसेज, जनसंपर्क अधिकारी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
अशोकनगर। एक साइबर अपराधी ने कलेक्टर के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बना लिया। मामले में जिला जनसंपर्क अधिकारी शरीफ मोहम्मद सिद्दकी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, अपराधी ने आदित्य सिंह आईएएस नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर अशोकनगर निवासी बद ठाकुर से संपर्क किया। आरोपी ने दो अलग-अलग वॉट्सऐप नंबरों (6003632746 और 8890066955) से संदेश भेजे। इन संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश क्रमांक स्टेनो कले/2025/233 (दिनांक 14 जुलाई 2025) के बाद एफआईआर दर्ज की गई। कोतवाली प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। उप निरीक्षक अक्षय कुशवाह द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में यह मामला साइबर अपराध और छल का बताया गया है।
एसपी के नाम से भी बनाई फर्जी फेसबुक आईडी:
इसी प्रकार का एक मामला अशोकनगर एसपी विनीत कुमार जैन के नाम से भी सामने आया, जिसमें किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। असामाजिक और भ्रामक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए साइबर सेल को एक्टिव कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 336(4) और आईटी एक्ट 2000 की धारा 66(सी) के तहत केस दर्ज किया है। साइबर सेल की टीम ने फर्जी फेसबुक अकाउंट को हटवाने और इसकी जानकारी प्राप्त करने के लिए फेसबुक मुख्यालय को पत्र भेजा है।
