Spread the love

गुना। शहर के लक्ष्मीगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक पुराने विवादित मकान पर न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए प्रशासनिक टीम ने कब्जा हटवाकर असल मालिक को उसका वैधानिक हक दिलाया। यह कार्यवाही प्रथम व्यवहार न्यायाधीश आयुष मित्तल के आदेश पर कोर्ट नाजिर व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2015 से न्यायालय में विचाराधीन था। विवादित मकान पर ओमप्रकाश जगगी द्वारा कब्जा किया गया था, जिसे लेकर सुनीता जगगी द्वारा दावा प्रस्तुत किया गया था। वर्षों चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद वर्ष 2019 में सुनीता जगगी को केस में विजय मिली, लेकिन व्यावहारिक रूप से कब्जा नहीं मिल पाया था। कोर्ट आदेश के अनुपालन में मंगलवार को जेसीबी की मदद से मौके पर पहुंची टीम ने मकान से अवैध कब्जा हटवाया और वास्तविक स्वामिनी सुनीता जगगी को मकान का कब्जा दिलाया।
इस कार्रवाई के दौरान कोर्ट के नाजिर के साथ प्रशासनिक अमला एवं स्थानीय पुलिस भी उपस्थित रही, जिससे कार्यवाही शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण हो सकी। इस संबंध में सुनीता जगगी के परिवार के सदस्य दिनेश कुमार जगगी ने बताया कि उनके परिवार को न्यायालय के आदेश के तहत 9 साल बाद न्याय मिला है। उन्होंने कोर्ट के निर्णय और प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई के लिए आभार भी जताया। उल्लेखनीय है कि प्रधान न्यायाधीश अमिताभ मिश्र के निर्देशन में संपत्ति विवादों के मामलों में तेजी लाने हेतु न्यायालय द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत इस प्रकार की निष्पादन कार्रवाइयाँ निरंतर जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *