
जनता से किया विरोध में शामिल होने का आह्वान
गुना ।शहर में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा घर-घर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के खिलाफ अब विरोध की आवाज़ और तेज़ होती जा रही है। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं नगर पालिका परिषद गुना के कांग्रेस पार्षदों ने संयुक्त रूप से नगरपालिका कार्यालय के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक करते हुए स्मार्ट मीटर के कथित दुष्परिणामों के विरोध में समर्थन जुटाया गया। अभियान के दौरान कांग्रेस जनों ने स्टॉल लगाकर वहां से गुजरने वाले नागरिकों से संपर्क किया और हस्ताक्षर के ज़रिए विरोध दर्ज करने की अपील की।
कार्यक्रम में कांग्रेस पार्षदों ने स्मार्ट मीटरों को लूट की योजना बताते हुए कहा कि इन मीटरों के लगने के बाद उपभोक्ताओं को मनमाने बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। ऐसे कई उदाहरण सामने आ चुके हैं जहाँ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के पास हजारों से लेकर लाखों रुपए तक के बिल पहुंचाए गए हैं। विरोध स्वरूप लगाए गए बैनर-पोस्टरों में लिखा था स्मार्ट मीटर का विरोध करें और अंग्रेजों भारत छोड़ो की तरह अब मीटर कंपनियों को गुना छोड़ो।
जनता को संबोधित पर्चे में लिखा गया कि स्मार्ट मीटरों की कीमत लगभग 25,000 है, जिसे जबरन उपभोक्ताओं से वसूला जा रहा है, जबकि पुराने मीटर ठीक स्थिति में थे और उनकी कोई तकनीकी खामी नहीं थी। साथ ही यह भी बताया गया कि ये मीटर आम मीटरों की तुलना में 20 फीसदी तेज़ी से चलते हैं जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ और बढ़ जाएगा। पर्चे में यह भी उल्लेख किया गया कि इन मीटरों से निकलने वाली किरणें स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं, और यदि मोबाइल में बैलेंस न हो तो बिजली सप्लाई भी बंद कर दी जाती है। कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर शहरवासियों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील करते हुए कहा कि यह समय जागरूक होने का है, ताकि निजी कंपनियों की लूट की इस साजिश को नाकाम किया जा सके। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जिस प्रकार भारतवासियों ने कभी ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ चलाया था, उसी तरह इस बार ‘स्मार्ट मीटर हटाओ आंदोलन’ छेडऩा जरूरी हो गया है। हस्ताक्षर अभियान के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष, पार्षदगण और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
