Spread the love

गढ़ी के सब्जी बाजार के झोपड़ी की घटना
बालाघाट। जिले के गढ़ी थाना मुख्यालय में शुक्रवार को एक प्रेमी ने पहले खुद कीटनाशक खाया और अपनी विवाहित प्रेमिका व उसके दो वर्षीय बच्चे को भी खिला दिया। जिससे तीनों की मौत हो गई। मृतकों में कदला निवासी सुकेश धुर्वे 30 वर्ष और ग्राम समनापुर निवासी प्रीति प्रति सोनसाय धुर्वे 30 वर्ष और उसका पुत्र दक्ष पिता सोनसाय धुर्वे 2 वर्ष शामिल है। फिलहाल गढ़ी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार सुकेश धुर्वे का प्रीति के साथ पिछले लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुकेश एक वर्ष से अपने गांव में न रहकर बाहर रहता था। 11 जुलाई को प्रीति धुर्वे गांव में धान की रोपाई करने की बात कहते हुए घर से निकली थी। उसके बाद से वह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने गढ़ी थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार को सुबह 11 बजे सब्जी बाजार की झोपड़ी में तीनों बेहोश मिले। तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख तीनों को सिविल अस्पताल बैहर रेफर किया गया। अस्पताल में पहुंचने पर तीनों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सुकेश ने खिलाया था कीटनाशक
पुलिस के अनुसार जब पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रीति को कुछ होश था। प्रीति धुर्वे ने पूछताछ में बताया कि सुकेश ने पहले खुद कीटनाशक खाया और बाद में उसे व उसके बेटे को खिला दिया।
एक वर्ष से घर नहीं आया था सुकेश
सुकेश धुर्वे की पत्नी ने बताया कि एक साल से उसके पति का कोई अतापता नहीं था। शुक्रवार को सरपंच का फोन आने पर उसके मृत अवस्था में होने की जानकारी मिली। सुकेश की मां फिरौंदी बाई धुर्वे ने बताया कि उसका बेटा सुकेश बाहर कमाने के नाम से निकला था, लेकिन एक साल के भीतर उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। आज तक कभी पैसे भी नहीं भेजा। सुकेश का विवाह दस वर्ष पूर्व ही हुआ था, जिसका एक आठ साल का लडक़ा और एक चार साल की लडक़ी है।
इनका कहना है
गढ़ी के सब्जी बाजार की झोपड़ी में तीन लोगों के बेहोश होने की जानकारी सरपंच से मिली थी। तीनों को गढ़ी पहले गढ़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें बैहर रेफर किया गया था। बैहर के डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया तीनों की कीटनाशक खाने से मौत हुई है। प्रेम प्रसंग की वजह से यह घटना होने की जानकारी सामने आ रही है। मामले में विवेचना जा रही है।
-भूपेंद्र सिंह पंद्रो, थाना प्रभारी गढ़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *