Spread the love

16 आईफोन बरामद जिनकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये
रायपुर। मोबाइल फोन फायनेंस कराकर लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिमरन जीत सिंह अजमानी उर्फ लवली (31 वर्ष), निवासी महावीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर रायपुर, ने कई लोगों को अपने जाल में फंसा कर उनके नाम पर मोबाइल फोन फायनेंस कराया और उन्हें फोन या लोन की राशि दिए बिना खुद ही मोबाइल अपने पास रख लिए। आरोपी पीड़ितों को भरोसे में लेकर कहता था कि वह मोबाइल फोन फायनेंस के जरिए 1 लाख रुपये तक का लोन दिला सकता है। इसके लिए वह पीड़ितों को शहर के बड़े शॉपिंग मॉल और दुकानों में ले जाकर उनके नाम से महंगे मोबाइल फायनेंस कराता था। मोबाइल डिलीवरी के वक्त फोटो खींचे जाते थे, लेकिन फोन उन्हें दिए बिना वापस रख लिया जाता था। बाद में लोन या फोन देने के नाम पर आरोपी टालमटोल करता और जब किश्त कटनी शुरू होती, तो पीड़ित खुद को ठगा महसूस करता। कचना खम्हारडीह निवासी एक महिला ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाम से दो मोबाइल फोन फायनेंस हुए, लेकिन उसे फोन या लोन की राशि कुछ भी नहीं मिली। उल्टे हर माह 5,000 रुपये की किश्त उसके खाते से कट रही है। जब उसने आरोपी से संपर्क किया तो उसने अभद्रता करते हुए कहा – तुम मेरा कुछ नहीं कर सकती – और अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. उमेद लाल सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट एवं गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। आरोपी का मोबाइल बंद था और वह लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। लेकिन पुलिस को पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने सिमरन जीत सिंह अजमानी उर्फ लवली को धर दबोचा। आरोपी के पास से ठगी के 16 नग आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ रायपुर के अन्य थानों में भी इसी प्रकार की ठगी की शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी के खिलाफ गोलबाजार थाना में अपराध क्रमांक 114/25, धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *