
दमोह। बुंदेलखंड नव निर्माण संगठन एवं युवा जन कल्याण समिति के तत्वाधान में जिले के ग्राम मडियादो में रविवार 27 जुलाई को एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस शिविर में लगभग 160 ग्रामीण मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें विशेष रूप से नेत्र रोगों पर ध्यान केंद्रित किया गया। शिविर के दौरान 70 मरीजों की नेत्र जांच की गई। जिनमें से 44 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु किया गया। इस शिविर में प्रमुख रूप से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मयंक प्यासी डायरेक्टर, एन.के. नेत्र चिकित्सालय दमोह तथा डॉ. बहादुर लोधी एम.डी. मेडिसिन ने जिन्होंने ग्रामीणों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया। शिविर के आयोजन में ग्राम मडियादो के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. पटेल का मार्गदर्शन सराहनीय रहा। साथ ही इस आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप पटेल, आशीष यादव, अरुण सेन एवं सजल श्रीपाल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। ग्रामीणों में इस शिविर को लेकर उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
