
वर्ष 2016 की बहुचर्चित हत्या व डकैती के मामले में था फरार
सिरोंज। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी कुरवाई सुरोशनी सिंह के मार्गदर्शन में थाना पथरिया पुलिस को वर्ष 2016 से फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 27.07.2025 को पथरिया थाना प्रभारी उनि ऋतुराज सिंह एवं टीम द्वारा अप.क्र. 41/2016 धारा 395, 396, 397, 449, 450, 302 भादवि में फरार चल रहे आरोपी बंटी उर्फ बंटू पारदी पिता पीलिया उर्फ दिलीप पारदी (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम गढमुर्रा थाना सूखी सेवनिया को गिरफ्तार किया गया। यह आरोपी वर्ष 2016 में ग्राम चंदाढाना में एक घर में घुसकर लूटपाट के दौरान महिला की हत्या करने की घटना में शामिल था। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी दौलत सिंह रघुवंशी के घर में रात्रि 3-4 बजे घुसा और मारपीट कर उसकी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी तथा 16 हजार रुपये नकद व जेवर लूट लिए थे। इस मामले में अन्य सभी आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, किंतु बंटी पारदी लगातार फरार चल रहा था। पथरिया पुलिस द्वारा सूचना संकलन व रणनीतिक कार्रवाई के तहत आरोपी को दबोचने में सफलता पाई गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह आर. सोनू राजपूत, आर. शुभेन्द्र सिंह चौहान, आर. अंकुश जाट व सैनिक अनिल वाजपेयी की सराहनीय भूमिका रही।
