
धर्म परिवर्तन का बना रहा था दबाव
इन्दौर । हिन्दू युवती को नशा करवाने के बाद कई बार दुष्कर्म कर चुके युवक को जब हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा तो पूछताछ में उसने पहले अपना नाम अभिषेक ठाकुर बताया लेकिन कार्यकर्ताओं ने जब उसकी पिटाई की, तब उसने अपना असली नाम जीशान पठान बताया। पुलिस ने उसे दुष्कर्म और धर्म बदलने को लेकर दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दर्ज कर लिया है। मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है। जहां के मूसाखेड़ी क्षेत्र के एक कमरे पर सूचना के बाद पहुंचे हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे हिंदू युवती को एमडी ड्रग्स का नशा कराते रंगे हाथ पकड़ा। युवती ने उन्हें बताया कि आरोपी उसके साथ कई बार संबंध बना अब धर्म बदलने के लिए दबाव बना रहा है। कार्यकर्ताओं को जीशान के मोबाइल में कई लड़कियों के नंबर, चैटिंग और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी मिले हैं। फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले उसके साथियों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मामले में बताया जा रहा है कि जिस मकान के कमरे में वह था उस मकान की मालकिन के मोबाइल में भी कुख्यात गैंगस्टर सलमान लाला के फोटो-वीडियो मिलने के साथ जेल में बंद कुछ कैदियों को रुपए भेजने के प्रमाण भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने मोबाइल जब्त कर पूछताछ कार्रवाई शुरू की है।
