
शादी से किया इंकार, आपत्तिजनक फोटो मंगेतर को भेजे
भोपाल। बागसेवनिया थाना पुलिस ने एक युवती के खिलाफ उसके सोशल मीडिया फ्रेंड के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवक ने दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता के परिवार वालो ने जब उसकी रिश्ता अन्य जगह तय कर दिया तब आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और चैटिंग उसके मंगेतर को भेज दी। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया। थाना पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया की एमबीए करने के बाद वह एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। साल 2024 के नवंबर माह में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान आरोपी हर्षवर्धन सोलंकी से हुई थी। चैटिंग के बाद जल्द ही उनके बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोपी हर्षवर्धन सोलंकी ने उसे बताया था, कि वह इंदौर के पास डॉक्टर आंबेडकर नगर का रहने वाला है, और विदेश में बिजनेस करता है। बातचीत के दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ गई और वह एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इसी बीच आरोपी ने थाना इलाके के नारायण नगर में स्थित वेस्टर्न होटल में उसे मिलने के लिये बुलाया। जब युवती उसे मिलने पहुंचीं तब आरोपी ने होटल में पहली बार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बना डाले। विरोध करने पर आरोपी ने उससे कहा की वह जल्द ही उससे शादी कर लेगा। उसकी बातों पर विश्वास कर युवती खामोश रही और उस समय परिवार वालों को भी इस संबंध में कुछ नहीं बताया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कारोबार में मदद के नाम पर कई किस्तों में उससे करीब पांच लाख रुपए भी ले लिये थे। लेकिन, बाद में आरोपी हर्षवर्धन सोलंकी ने उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। समाज में अपने और परिवार की बदनामी के कारण युवती चुप रह गई। बाद में परिवार वालो की मर्जी से उसका रिश्ता अन्य युवक से तय कर दिया। पीड़िता की शादी की भनक लगने पर हर्षवर्धन सोलंकी ने पीड़िता की साथ गुजारे समय में ली गई निजी फोटो और चैटिंग के स्क्रीन शॉट उसके मंगेतर को भेज दिए। इसके बाद परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की। बाद में थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण मामला कायम कर उसे हिरासत में लेते हुए आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।
