दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों से कहा मैंने जो स्थितियां देखी है, वाकई में लोगों के घरों के अंदर पानी घुस गया था, घरों में कीचड़ की स्थिति थी और घरों में छोटे-छोटे बच्चे हैं, बहुत ध्यान रखने की जरूरत इस बात की है बाढ़ के बाद महामारी का टेंशन आता है, क्योकि कीचड़ और बारिश के बाद मटमैला पानी हो जाता है और यदि उस पानी का इस्तेमाल पीने के रूप में करते हैं तो उससे हैजा, मलेरिया, उल्टी, दस्त इस तरह की शिकायतें हो जाती हैं और फिर तत्काल लोगों को अस्पताल लेकर जाना पड़ता है, यह नौबत ना आए इसके लिए ग्रामवासियों से अपील करता हूं कि पानी को उबाल करके पिएं। क्लोरीनाइजेशन भी कराने की व्यवस्था की जा रही हैं।

कलेक्टर श्री कोचर ने कहा मेडिकल कैंप भी लगवाने की व्यवस्था कर रहे हैं, कृपया करके गंदे पानी का इस्तेमाल पीने के लिए मत कीजिए, यह आपके लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकता है। स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करें, उबाल करके पानी पीने की कृपया करें और क्लोरीनयुक्त पानी को पीने की कृपया करें, ताकि किसी को भी अस्पताल की तरफ ना जाना पड़े, मेरी इस बात को आप सब मानेंगे, यह मेरा विश्वास है।
