
इंदौर। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी सोनम रघुवंशी की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। शिलॉन्ग कोर्ट ने सोनम के साथ ही उसके कथित प्रेमी राज और हत्या में शामिल उसके तीन दोस्तों आकाश, आनंद और विशाल की भी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है। सभी आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया था।
बात दें कि इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई को ईस्ट खासी हिल्स जिले में हनीमून के दौरान हुई थी। इस मामले में आरोपी सोनम रघुवंशी, उसका कथित प्रेमी राज, और राज के दोस्त आकाश, आनंद और विशाल है। 31 जुलाई को शिलॉन्ग कोर्ट से आकाश और आनंद, जबकि 1 अगस्त को सोनम, राज और विशाल की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई।
अभी तक सोनम या अन्य आरोपियों की ओर से कोई जमानत याचिका दाखिल नहीं की गई है। सोनम को सरकारी वकील मिला है, लेकिन उनकी ओर से भी कोई याचिका नहीं लगी है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने कहा है कि यदि आरोपी जमानत याचिका दाखिल करते हैं, तब इसका विरोध किया जाएगा। क्योंकि उन्हें सोनम और राज की रिहाई से अपने परिवार के लिए खतरा महसूस होता है।
उल्लेखनीय हैं कि सोनम पर आरोप है कि उसने अपने कथित प्रेमी राज के साथ मिलकर हनीमून के बहाने राजा को मेघालय ले जाकर उसकी हत्या कर दी। राजा की शादी सोनम से 11 मई को हुई थी और 20 मई को वे हनीमून पर निकले थे। 2 जून को राजा का शव एक खाई में धारदार हथियार के निशान के साथ मिला था। सोनम ने कई दिनों बाद यूपी के गाजीपुर में सरेंडर किया था।
