
गुना । पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में राघौगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए डकैती की योजना बना रहे छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जुबेर खान और उनकी टीम द्वारा की गई। आरोपियों के पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, तलवार, कटर, सरिया और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। साथ ही, पूछताछ में बदमाशों ने जे.पी. यूनिवर्सिटी कैंपस से पूर्व में हुई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
पुलिस को 1-2 अगस्त 2025 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आनंदपुर मोईया के पास झाड़ियों में कुछ बदमाश डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों में जय सिंह कंजर (40), राजू कंजर (25), राकेश कंजर (30), देशराज कंजर (50), भूरा कंजर (25) और मुकेश बाल्मिक (42) शामिल हैं। सभी आरोपी गुना जिले और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों से हैं। पुलिस ने इनके पास से एक 12 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा राउंड, तलवार, लुहांगी, रांपी, सरिया और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ थाना राघौगढ़ में अपराध क्रमांक 252/25 धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 25(1-ए), 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी रमन कंजर की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार बदमाशों से जब गहन पूछताछ की गई तो उन्होंने जून माह में जे.पी. यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित प्रोफेसर और अधिकारियों के फ्लैटों में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी किया था। इन खुलासों के बाद पुलिस ने चोरी के प्रकरण क्रमांक 215/25 धारा 331(4), 305(ए) भादवि में भी चार आरोपियों—जय सिंह, राकेश, देशराज और मुकेश—की विधिवत गिरफ्तारी कर ली है।
गौरतलब है कि 24 जून 2025 को जे.पी. यूनिवर्सिटी के सुरक्षा अधिकारी मनबहादुर सिंह द्वारा थाना राघौगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 23-24 जून की रात अज्ञात चोरों ने विश्वविद्यालय परिसर के उन फ्लैटों में चोरी की घटना को अंजाम दिया, जिनमें निवासी उस समय परिवार सहित बाहर गए हुए थे। चोरी की घटनाओं के बाद से ही पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से राजू कंजर और भूरा कंजर को जेल भेज दिया गया है, जबकि जय सिंह, राकेश, देशराज और मुकेश को पूछताछ व बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इनसे आगे की पूछताछ में अन्य चोरी के मामलों में भी खुलासे की संभावना है।
एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी जुबेर खान, जंजाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि सीताराम ध्रुवे, दशरथ मडावी, आरक्षक बलभद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, अजय सिंह, धर्मेंद्र रावत, अमित जाट, मनोज सिकरवार, हरवीर जादौन और जितेंद्र मीना की अहम भूमिका रही।
