
सोनीपत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को सोनीपत के सेक्टर 15 स्थित हुड्डा ग्राउंड में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश में रोजगार के सभी रास्तों को बंद कर दिया है। युवाओं के लिए अग्निवीर योजना लाकर उनके भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। योजना के तहत लगे युवाओं के लिए न तो पेंशन व कैंटीन की कोई सुविधा है और न ही देश सेवा में शहीद होने वाले अग्निवीर जवानों को शहीद का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ भाजपा के साथ है। कांग्रेस में सभी शेर हैं, जब यह गरजते या दहाड़ते हैं तो मुझे समझाना पड़ता है, लेकिन अंदर खाते कांग्रेस में सभी एकजुट हैं। भाजपा व आरएसएस के कार्यकर्ता भाईचारा तोडऩे का काम करते हैं। प्रदेश में जल्द कांग्रेस की 36 बिरादरी की सरकार होगी। सभी अन्य पार्टियां भाजपा की ए, बी, सी, डी हैं।
राहुल गांधी मंगलवार को पांडवों की धरती पर सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित हुडा ग्राउंड में आयोजित जनसभा के दौरान लोगों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार ने जवानों की पेंशन की राशि को अदाणी की जेब में डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर लोगों को 500 रुपये में सिलिंडर, 300 यूनिट निशुल्क बिजली व 100 वर्ग गज के प्लॉट मुहैया करवाने का काम किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने परिवार पहचान पत्र को परिवार परेशान पत्र बना दिया है। इससे हर वर्ग दुखी है। कांग्रेस की सरकार आने पर इसे खत्म किया जाएगा। कांग्रेस की लड़ाई सिर्फ संविधान बचाने की है।
