
दमोह। एक राखी मेरी भी अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय कवि संगम मध्यप्रदेश जिला इकाई दमोह के द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में भारतीय सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के हेतु राखी संग्रह अभियान संपन्न कराया। संस्था के जिलाध्यक्ष आशीष तंतुवाय कबीर ने बताया है कि संस्था के द्वारा प्रतिवर्ष नगर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों सहित सामाजिक संस्थाओं से राखियां संग्रहित की जाती हैं जिन्हें भारतीय डांक विभाग की स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा से देश के विभिन्न सीमावर्ती सैन्य पोस्ट पर भेजा जाता है। संस्था की प्रदेश महामंत्री कवियित्री बबीता कृष्णकुमार चौबे शक्ति ने जानकारी दी है कि इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के बच्चों में अद्भुत उत्साह होता है और अधिकांश छात्राएं, युवतियां स्वनिर्मित राखियां बनाकर प्रतिवर्ष संस्था के इस राखी संग्रह अभियान को सफल बनाते हैं।

आशीष बताते हैं कि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवाचार पृष्ठभूमि के शिक्षक मनीष नेमा एवं स्वामी विवेकानंद विद्यालय के प्राचार्य केसी सैनी एवं विद्यालय प्रबंधन का अभूतपूर्व सहयोग निरंतर इस अभियान में सक्रिय रूप से प्राप्त होता है साथ ही एमएलबी स्कूल, जेपीबी स्कूल, मॉडल स्कूल, सद्भावना विद्यालय सहित अनेकों विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने देश की सैन्य सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों के प्रति रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए अभियान को सफलता प्रदान की है। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य आरपी पटेल, विवेकानंद विद्यालय प्राचार्या श्रीमती नीतू सैनी सहित विद्यालय प्रबंधन के सहयोग के प्रति संस्था के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया
