Spread the love

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में  12 अगस्त को बेलाताल में त्रिमूर्ति पार्क के सामने सुबह 10:30 बजे पार्क में तिरंगा रंगोली बनाई जायेगी, जिसमें महिला बाल विकास विभाग, स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी और अन्य स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी इसके अंतर्गत होगी।  इसके बाद दोपहर 12 बजे एक तिरंगा कंसर्ट होगा, जो देशभक्ति के गीतों पर आधारित एक आयोजन होगा, यह पीएमश्री कॉलेज यानी पी.जी कॉलेज में होगा, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक और सामाजिक संगठन सहभागिता करेंगे और इसमें विद्यार्थी युवा तिरंगा गान करेंगे। कलेक्टर श्री कोचर ने बताया 13 अगस्त को सुबह 09 बजे से तिरंगा यात्रा का एक बड़ा आयोजन तहसील ग्राउंड में होने वाला है, इस परेड में शामिल होने वाले पुलिसकर्मी, छात्र-छात्राएं, एनएसएस, एनसीसी के विद्यार्थी, स्काउट गाइड, शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक धार्मिक संगठन, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, महिला मंडल, महिला संगठनों के प्रतिनिधि, जन सहभागिता से जितने भी लोग हो सकेंगे और साथ में खास तौर पर दिव्यांगजन, वृद्धजन, थर्ड जेंडर यानी किन्नर भी शामिल रहेंगे।

            उन्होंने कहा 14 अगस्त को सुबह 08 बजे से रन फॉर फ्रीडम होगा जो खेल और युवक कल्याण विभाग के सहयोग से होगा और अलग-अलग विभिन्न समाज के वर्ग इसमें शामिल होंगे। एथलीट, खिलाड़ी, युवा लगातार खेल में अग्रणी हैं, ऐसे सभी युवा इसमें शामिल रहेंगे और इसके बाद 15 अगस्त को जो कार्यक्रम होते हैं वह सारे तो रहेंगे ही इसके अलावा तिरंगा मेला शुरू हो जाएगा। इसके लिए 3 स्थान चिन्हित किए हैं, पहला टाउन हॉल, दूसरा एक्सीलेंस स्कूल का मैदान और तीसरा महिला बसती गृह मैदान मॉडल आंगनवाड़ी है, यह यहां की आदर्श आंगनवाड़ी है, जिसके बगल में तिब्बती मेला लगता है। सर्दियों के दिनों में यह तीनों जगह पर तिरंगा मेला लग रहा है तो यहां पर तिरंगा, झंडा और राखी इसके विक्रय के लिए स्टॉल सभी के लिए दिये जा रहे हैं। स्व सहायता समूह या छोटे उद्यमी, जो रक्षाबंधन के त्योहार पर राखी बेचते हैं या तिरंगा झंडा का विक्रय करते हैं, उनको यहां पर स्टॉल प्रदान करेंगे और वह यहां आकर अपनी सामग्री को बेच सकेंगे। इस प्रकार से यह सारी व्यवस्था 7 अगस्त से लेकर 15-16 अगस्त तक के लिए की गई है। यह जो तिरंगा मेला लगेगा, इसमें कृष्ण जन्माष्टमी से संबंधित सामग्री भी बेची जा सकेगी। गणेश उत्सव से संबंधित सामग्री का विक्रय भी किया जा सकेगा। यह आगे आने वाले 27 अगस्त तक मेले चलेंगे। उन्होने कहा यह सारे कार्यक्रम तिरंगा, राखी, तिरंगा गान, मानव श्रृंखला, तिरंगा रांगोली, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा यात्रा, रन फॉर फ्रीडम और तिरंगा मेला यह सारे आयोजन लगातार होने वाले हैं और एक आयोजन कृष्ण जन्माष्टमी पर किया जायेगा जो कलेक्ट्रेट से लगा हुआ परिसर है, उसमें लगभग 200 पौधों का रोपण ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत किया जायेगा। इसमें बालक-बालिकाएं कृष्ण, राधा और सुदामा बनकर उनकी ड्रेस में आएंगे और वह यहां पर वृक्षारोपण करेंगे, उनके माता-पिता आएंगे।

            इन सभी कार्यक्रमों के लिये कलेक्टर श्री कोचर ने जनसामान्य से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लें और इस पूरे आयोजन को सफल बनाएं। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के कार्यक्रम किये जायेंगे, जिसमें कुछ चिन्हित गांवों में टोंटी लगाने का अभियान चला रहे हैं, जिसमें सुजलता का संदेश देने वाले हैं, इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र हैं, उनकी सफाई का कार्यक्रम इसके अंतर्गत ले रहे हैं। इसकी विस्तृत जानकारी अभी आपको जल्दी ही मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *