Spread the love

उज्जैन। प्रदेश में रिश्वतखोरी का एक और मामला सामने आया है, जहाँ लोकायुक्त पुलिस ने खाचरौद उप जेल के सहायक जेल अधीक्षक, सुरेंद्र सिंह राणावत को 15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दरअसल जितेंद्र गोमे नाम के व्यक्ति ने लोकायुक्त में शिकायत की थी कि उनका साला, जो खाचरौद उप जेल में बंद है, साले को मारपीट से बचाने के लिए सहायक जेल अधीक्षक राणावत 30,000 की रिश्वत मांग रहे थे। इसके बाद योजना बनाकर लोकायुक्त की टीम ने शिकायत की पुष्टि कर गोमे को 15,000 रुपये के साथ राणावत के पास भेजा।
इसके बाद सहायक जेल अधीक्षक राणावत ने पहले गोमे को पैसे झाड़ियों में रखने को कहा, लेकिन गोमे के मना करने पर पैसे स्कूटी की डिक्की में रखवाए। इसके बाद, वह स्कूटी से दूर जाकर निगरानी करने लगा। जैसे ही वापस स्कूटी के पास आया, सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त टीम ने राणावत को रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस के द्वारा गिरफ्तारी के बाद राणावत ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन जब सबूत दिखाए गए तब वह शांत हो गया। लोकायुक्त ने आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नोटिस देकर छोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *