Spread the love

मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों, ग्रामीणों ने अस्पताल में किया हंगामा
बालाघाट । लांजी थाना के तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने एक 8 वर्षीय मासूम को ठोकर मार दी। घटना में मासूम राजकुमार गरुड़े की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने न केवल पुलिस वाहन में तोडफ़ोड़ कर दी। बल्कि वाहन में सवार वाहन चालक और पुलिस अधिकारी से मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए। घटना रविवार की शाम ग्राम भिमोड़ी में उस समय हुई, जब ग्रामीण भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन करने जा रहे थे।
सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर प्रदर्शन किया। दोषी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पर कार्यवाही और मुआवजे की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विधायक राजकुमार कर्राहे और प्रशासनिक व पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर परिजनों ने प्रदर्शन को समाप्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने पीडि़त परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया। शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया। इस प्रदर्शन के दौरान अस्पताल में गहमा-गहमी का माहौल रहा।
प्रतिमा का विसर्जन करने जा रहे थे ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमाओं का विसर्जन करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पुलिस वाहन क्रमांक एमपी 50 जेडए 9919 ने बालक राजकुमार को ठोकर मार दी। घटना वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने डायल-100 और एंबुलेंस को कॉल किया। लेकिन ये दोनों ही वाहन समय पर नहीं पहुंचे। जिसके चलते एक अन्य वाहन से घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *