दुष्कर्म के बाद बनाया धर्मांतरण का दबाव, केस दर्ज
इन्दौर। हिन्दू नाम रख एक मुस्लिम युवक द्वारा हिन्दू युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है जहां एक 26 वर्षीय युवती ने अमन खान उर्फ अमन साहू के खिलाफ रेप और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की शिकायत बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचकर दर्ज कराई है। मूलतः सीहोर निवासी यह युवती फिलहाल इंदौर के पालदा में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती है। पुलिस को दर्ज अपनी शिकायत में युवती ने बताया कि करीब आठ माह पहले उसकी इंस्टाग्राम पर उसकी अमन साहू से दोस्ती हुई थी।

जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दो माह तक चैटिंग के बाद फरवरी 2025 में अमन उसके किराए के कमरे पर आया। वहीं पहली बार शारीरिक संबंध बने। इसके बाद युवती को पता चला कि आरोपी का असली नाम अमन खान है और वह दूसरे धर्म से है। इस पर अमन ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा और इसके लिए इस्लाम छोड़ने की भी बात कही। लेकिन कुछ ही समय बाद उसने मारपीट शुरू कर दी और युवती को मंदिर जाने से भी रोकने लगा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने कहा कि वह अपना धर्म नहीं बदलेगा, बल्कि शादी तभी होगी जब वह अपना धर्म परिवर्तन कर लेगी। युवती ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले अमन उसके कमरे पर आ उसके साथ मारपीट कर चला गया। उसने डर और सामाजिक बदनामी की वजह से पहले किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन अमन लगातार उसे धमकाकर संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा। इससे परेशान होकर उसने बजरंग दल कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर उन्हें पूरी घटना बताई। जिस पर कार्यकर्ता उसे थाने लाए और मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई करते अमन की तलाश शुरू कर दी है।
