Spread the love

महिला पहुंची थाने पुलिस को सुनाई आपबीती, पति पर लगाए गंभीर आरोप


गाजियाबाद। साहब! मेरा पति कहता है कि नोरा फतेही जैसा फिगर बनाओ। इसके लिए वो रोज तीन घंटे जिम में एक्सरसाइज करवाता है। इतना कहकर महिला पुलिस स्टेशन में फूट-फूटकर रोने लगी। पुलिस भी महिला की बातें सुनकर दंग रह गई। यह चौंकाने वाला मामला यूपी के गाजियाबाद जिले से सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति और ससुरालियों पर गर्भपात करवाने और टॉर्चर जैसे कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक महिला का कहना है कि उसे रोज शारीरिक बनावट के लिए ताने दिए जाते हैं। पीड़ित महिला मुरादनगर की रहने वाली है और इस साल उसकी शादी मार्च में मेरठ निवासी फिजिकल एजुकेशन टीचर से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने महिंद्रा स्कार्पियो, नकदी और लाखों रुपए के गहने दिए थे। शादी में करीब 75 लाख रुपए का खर्च आया। आरोप है कि इतना खर्चा करने के बाद भी उसके ससुराल वाले उसे टॉर्चर कर रहे है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद पहली ही रात पति मेरे साथ नहीं सोया बल्कि अपने माता-पिता के कमरे में चला गया था।
पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही पति का रवैया अच्छा नहीं था। मेरी हाईट नॉर्मल है। मैं बहुत ज्यादा सुंदर नहीं हूं। पति को मेरी शारीरिक बनावट से इतनी नफरत थी कि वो रोज मुझे ताने मारता था। उसके घर वाले भी मुझसे और ज्यादा दहेज की मांग करते थे। शिकायत में महिला ने बताया है कि उसका पति कहता था कि मुझसे शादी करके उसकी जिंदगी खराब हो गई। मुझे तो नोरा फतेही जैसी कोई खूबसूरत लड़की मिल सकती थी। पीड़िता ने बताया कि पति मुझे रोज जिम भेजने लगा। तीन घंटे के लिए एक्ससरसाइज करने को कहता था। किसी दिन अगर कम समय कसरत की तो मुझे खाना भी नहीं दिया जाता था।
महिला का आरोप है कि एक दिन पति एक युवती से चैट कर रहा था। जब उसने देखा और विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। इस दौरान पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसे अपने गर्भवती होने का पता चला तब उसने सास को यह बात बताई लेकिन उन्होंने उसके गर्भवती होने में कोई खास रूचि नहीं दिखाई। पीड़िता ने अपने पति पर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया। महिला ने बताया कि उसके पति ने एक दिन उसे एक गोली भी खिला दी, जिसके बारे में उसने ऑनलाइन सर्च किया। तब पता चला कि गोली गर्भपात के लिए प्रयोग की जाती है। तबीयत खराब होने पर युवती के परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनका गर्भपात हो गया है। इस मामले में पुलिस का कहना है मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *