Spread the love

पुलिस ने पिकअप और टोचन वाहन को किया बरामद
बालाघाट। वारासिवनी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके तीन अन्य साथी फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। गिरफ्तार युवक रुपेश पिता धरमचंद बघेले 21 वर्ष निवासी प्रेमाटोला मरेरा थाना लालबर्रा का बताया गया है। युवक की निशानदेही पर चोरी गया करीब तीन लाख रुपए मूल्य का पिकअप वाहन, करीब ढाई लाख रुपए मूल्य का चोरी में प्रयुक्त दूसरा वाहन और एक खुला इंजन व टोचन के लिए रस्सी को बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार रामपायली थाना क्षेत्र के सिवनघाट निवासी निखिल राहंगडाले ने 12 अगस्त को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 50 जी 1846 का इंजन खराब हो गया था, जिसकी मरम्मत कराने के लिए वारासिवनी के लालबर्रा रोड स्थित मेकेनिक की दुकान में खड़ा किया गया था, जिसे अज्ञात चोरों ने चुरा लिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 303 (2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
उपनिरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों का विशलेषण किया। इसी दौरान ग्राम बडग़ांव के तालाब किनारे कुछ लोग इंजन बदलते हुए नजर आए। पुलिस ने छापामार कार्यवाही कर रुपेश बघेले निवासी प्रेमाटोला मरेरा को गिरफ्तार किया। जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार युवक रुपेश बघेले ने पूछताछ में बताया कि उसने सेेकेंड हेंड पिकअप वाहन खरीदा था, जिसके इंजन में खराबी आ गई थी। जिसे बदलने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ दूसरे वाहन को चुराकर इंजन बदलने की योजना बनाई थी। जिसके अनुसार उन्होंने मैकेनिक की दुकान पर खड़े वाहन की चोरी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *