धारदार हथियार से किया हमला, आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

छतरपुर। शहर की विश्वनाथ कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक किराएदार ने अपनी 60 वर्षीय मकान मालकिन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने मकान मालकिन की बेटी पर भी हमला किया, जो कि बुरी तरह घायल हुई है। चूंकि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकला था इसलिए पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे श्रीमती सरमन पाठक पत्नी स्व. सुरेश पाठक उम्र करीब 60 वर्ष, अपनी पुत्री प्रियंका पाठक के साथ घर में थी। तभी उनके घर में किराए से रहने वाली शालू राय का पति महेश राय धारदार हथियार (बका) लेकर आया और सरमन पाठक के ऊपर पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरु कर दिए। मां के ऊपर हमला होते देख उसकी पुत्री प्रियंका बचाने दौड़ी तो आरोपी ने उस पर प्रहार कर दिए, जिससे वह भी घायल हो गई। सरमन की पड़ोसी विद्या विश्वकर्मा ने बताया कि घटना के समय सरमन का बेटा बाबू पाठक अपने काम पर गया था। घटना के बाद प्रियंका ने कुछ दूरी तक आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीएसपी अरुण मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल प्रियंका को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया गया है कि आरोपी महेश राय की पत्नी शालू राय पिछले करीब एक साल से सरमन के घर में किराए पर रह रही था, जबकि महेश राय कभी-कभार घर पर आता था, वह नशे का आदी भी है।
हत्या के कारण को लेकर हो रही यह चर्चा
विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि आरोपी महेश को अपनी पत्नी शालू राय और मृतिका श्रीमती सरमन पाठक के पुत्र बाबू पाठक के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। संभवत: इसी संदेह के चलते वह गुरुवार की दोपहर में सरमन के घर पहुंचा और उसने बाबू पाठक की मां सरमन पाठक को मौत के घाट उतार दिया, साथ ही उसकी बहन प्रियंका पर भी हमला किया। हालांकि पुलिस ने अभी इस कारण की पुष्ट नहीं की है, पुलिस अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इनका कहना है
धारदार हथियार से बुजुर्ग महिला की उसके किराएदार ने हत्या की है। शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान होने के साथ-साथ ह?थियार बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के सटीक कारण अभी सामने नहीं आए हैं, जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।
अरुण मिश्रा, सीएसपी, छतरपुर
