
पिता ने आरोपित के पिता का अंगूठा काटा, गांव में पहुंचा पुलिस बल
शाजापुर। जिले के ग्राम मंडोदा में एक युवती के घर से चले जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें लड़की के परिजनों व रिश्तेदारों ने एक युवक पर आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। जिसमें युवक के पिता का अंगूठा कट गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनो पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर की है। मंडोदा निवासी हुकुम सिंह भिलाला की 20 वर्षीय बेटी बबीता 20 अगस्त को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। जब उसके माता-पिता मजदूरी से वापस लौटे तो बेटी को घर पर नहीं पाकर परेशान हो गए। अपनी लड़की के घर से चले जाने पर परिजनों ने पास में रहने वाले युवक सुरेश पाटीदार के बेटे राजेश पर शंका जाहिर करते हुए विवाद किया। जो मारपीट में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हुकुम सिंह और उसके परिवार के लोगों ने सुरेश पाटीदार पर हमला कर दिया। हमले में सुरेश पाटीदार का अंगूठा कट गया। विवाद बढ़ता देख आसपास के पुलिस थानों से भी बल बुलाया गया। एसडीओपी गोपाल सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। मोहन बड़ोदिया पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसडीओपी चौहान ने बताया कि लड़की और लड़का दोनों ही बालिग हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने लड़की की गुमशुदगी भी दर्ज कर ली है।
