Spread the love

जिला पंचायत सीईओ ने किया मिल्क कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण

दमोह: जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने आजीविका मिशन एवं प्रदान संस्था के सहयोग से तेंदूखेड़ा ब्लॉक के ग्राम बुडेला (खमरियाकला) स्थित मिल्क कलेक्शन सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद करते हुए दुग्ध संग्रहन केंद्र की प्रगति तथा आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली। सीईओ श्री फुलपगारे ने कहा पशुधन क्षेत्र में आगामी लक्ष्यों के रूप में नस्ल सुधार, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जोड़ना, पशुशेड निर्माण, बेहतर आहार एवं चारे का विकास तथा कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने महिला समूहों के प्रयासों एवं प्रदान संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने का सशक्त मॉडल है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में प्रदान संस्था और आजीविका मिशन के संयुक्त प्रयासों से दमोह जिले के ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका में सशक्त होकर गाँव स्तर पर कृषि और पशुपालन में प्रगतिशील बनेंगे।ज्ञात हो कि प्रदान संस्था ने आजीविका मिशन व पशुपालन विभाग के साथ मिलकर अब तक 28 मिल्क कलेक्शन सेंटर स्थापित किए हैं, जिनसे 800 से अधिक किसान जुड़े हैं और प्रतिमाह लगभग 70,000 लीटर दूध संग्रहित किया जा रहा है। सभी केंद्रों का संचालन महिला FIG द्वारा किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के सहयोग से 7,000 से अधिक पशुओं का डिवार्मिंग एवं 1,070 पशुओं का HS एवं FMD टीकाकरण किया गया है, साथ ही लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदान संस्था वर्ष 2023 से आजीविका मिशन के साथ मिलकर कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मनरेगा एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से दमोह जिले में कार्यरत हैं। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिला समूहों को उन्नत खेती प्रशिक्षण, उन्नत पशुपालन, कम्युनिटी न्यूट्रिशन गार्डन, उद्यमिता, यूथ, घुमंतु (DNT) समुदाय तथा विभागीय योजनाओं से जोड़कर लघु व मध्यम वर्गीय किसानों की आयवृद्धि हेतु सशक्त किया जा रहा है।

                  इस अवसर पर प्रदान टीम से राकेश जाखड़, गोपाल यादव, सौरभ तथा ग्रामीण राधे महिला समूह की सदस्याएँ एवं अन्य दो महिला समूहों की महिलाएँ भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *