Spread the love

इन्दौर। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने सीमेंट ले जाने वाले एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें से 811 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की जिनकी कीमत 85 लाख रुपए के करीब बताई जा रही है। यह शराब राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही थी। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है और ट्रक को एचआर रिसोर्ट ब्रिज के पास चेक किया गया। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव को एक संदिग्ध ट्रक की सूचना मिली। जो सीमेंट की बोरियों को ले जाने के काम आता है। सूचना के बाद पुलिस ने एचआर रिसोर्ट ब्रिज के पास नाका लगाया और चेकिंग के दौरान ट्रक नंबर के आधार पर ट्रक को रोका। ड्राइवर से पूछा तो वह कहने लगा कि ट्रक में सीमेंट है। शंका होने पर पुलिस ने जब ट्रक को चैक किया तो ट्रक में सीमेंट नहीं शराब की पेटियां भरी हुई थी। ड्राइवर से डॉक्यूमेंट्स मांगे तो वह भी उसके पास नहीं मिले। मामले में ट्रक ड्राइवर प्रेमाराम पिता नारायण उम्र बावीस साल निवासी ग्राम सरणुपुंजी तहसील बाड़मेर, राजस्थान को पकड़ ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस को ट्रक में 811 अंग्रेजी शराब की पेटियां जिनमें 411 रॉयल चैलेंज और 400 पेटी ऑल सीजन शराब की है मिली। उन पर लिखे बैच नंबर भी मिटा दिए गए हैं। इसकी कीमत करीब 85 लाख 32 हजार रुपए है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ट्रक इंदौर के रास्ते से गुजरात की तरफ जा रहा था। पुलिस अब ट्रक कहां पर लोड किया गया और कहां पर अनलोड किया जाना था। इस बारे में उससे पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *