Spread the love

तेजस्वी ने वोटर अधिकार यात्रा में चिराग को दी शादी करने की सलाह
अररिया। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तेज हो गई है। कांग्रेस समेत महागठबंधन में शामिल कई दल और उनके नेता राज्य में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। वोटर अधिकार यात्रा के तहत राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के कई दिग्गज नेता रविवार को अररिया पहुंचे। यहां संवाददाता सम्मेलन में इन नेताओं ने चुनाव आय़ोग को घेरा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तेजस्वी यादव ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में एलजेपी (आर) के मुखिया चिराग पासवान को शादी करने की सलाह दी। एक पत्रकार ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से पूछा कि चिराग पासवान बोल रहे हैं कि तेजस्वी अब कांग्रेस के पिछलग्गू बनकर घूम रहे हैं? इसपर राहुल गांधी ने माइक तेजस्वी को थमाया दिया। तेजस्वी ने माइक पकड़ने के बाद कहा कि भाई वो तो किनके हनुमान हैं आपको पता ही है, उसपर हम ज्यादा नहीं बोलेंगे। हमलोग तो जनता के हनुमान हैं। वह व्यक्ति विशेष के हनुमान हो सकते हैं।
तेजस्वी ने आगे कहा कि हम चाहेंगे कि मुद्दे पर बात हो। चिराग पासवान आज का मुद्दा नहीं है और ना ही जनता उनको पूछती है। आज लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। संविधान को मिटाया जा रहा है। इसके बाद तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए कहा कि तो अगर आप चिराग पासवान पर सवाल पूछ रहे हैं तो हम उसपर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे लेकिन उनको सलाह जरूर देंगे कि हमारे बड़े भाई हैं जल्द से जल्द शादी कर लें। इसके बाद राहुल गांधी को जैसे ही तेजस्वी ने माइक थमाया तो राहुल गांधी ने खिलखिलाते हुए कहा कि मेरे लिए भी एप्लिकेबल है। इसके बाद वहां मौजूद नेता भी हंसने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *