Spread the love

कटिहार। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर दावा करते हुए कहा है कि किसी भी सूरत में वोट चोरी नहीं होने देंगे। हर एक नागरिक को वोट का अधिकार दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करेगी। राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा के दौरान शनिवार की शाम कटिहार के कदवा पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए एसआईआर को लेकर कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग आपके वोट को चुराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आपके मतदान के अधिकार को छीनने की पूरी कोशिश कर रही है। भाजपा संविधान को नष्ट करना चाहती है और दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के अधिकारों पर हमला कर रही है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक विचारधारा हमारी है, जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए खड़ी है और दूसरी विचारधारा संविधान को समाप्त करने की है। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। ‎इससे पहले यात्रा के 7वें दिन राहुल गांधी अन्य नेताओं के साथ कटिहार पहुंचे और मखाना किसानों से मुलाकात की। इस दौरान वे किसानों के साथ तालाब में उतरे और मखाना भी फोड़ा। उन्होंने किसानों की समस्याएं भी जानीं। दूसरे राज्यों की तरह बिहार में वोट चोरी की कोशिश कर रही है, लेकिन बिहार में हम ऐसा नहीं होने देंगे। ‎ ‎कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से दलितों और पिछड़ों के लिए सेना और सार्वजनिक क्षेत्र में दरवाजे बंद होते जा रहे हैं। ‎‎उन्होंने उपस्थित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि लाखों बिहारी लोगों के वोटिंग अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किसानों से मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, बिहार दुनिया का 90 प्रतिशत मखाना उगाता है, मगर दिन-रात धूप-पानी में मेहनत करने वाले किसान-मजदूर मुनाफे का एक प्रतिशत भी नहीं कमाते हैं। आज, इन किसानों से उनके खेतों में मिलकर उनकी आपबीती जानी। बड़े शहरों में 1000-2000 रुपए किलो बिकता है, मगर इन मेहनतकशों, पूरे उद्योग की नींव को, नाम मात्र का दाम मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *